मेयर गामा से अभद्रता पर भड़के कर्मचारी-पार्षद, काम-काज ठप, धरना-प्रदर्शन

0
306

देहरादून, ब्यूरो। देहरादून नगर निगम के मेयर सुनील उनियाल गामा से उन्हीं के कार्यालय में एक दिन पहले गूंज संस्था अध्यक्ष सोनिया आनंद की ओर से अभद्रता करने के मामले ने आज तूल पकड़ा है। इस मामले में आज गुरुवार को देहरादून नगर निगम कर्मचारियों और पार्षदों ने काम-काज ठप करते हुए सोनिया आनंद के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके साथ उन्होंने गूंज संस्था की अध्यक्ष और पूर्व मंत्री हरक सिंह की खासमखास सोनिया आनंद रावत के खिला जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

बता दें कि नगर निगम आज इस मामले में जहां पूरे दिन काम-काज ठप रखा गया वहीं, कई महिला पार्षद मेयर के पक्ष में उतर आईं। उन्होंने इस मामले में तत्काल सोनिया आंनद व उनके साथ आये लोगों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग नगर आयुक्त मनुज गोयल से की। इसके बाद पार्षद नगर निगम में नगर आयुक्त के कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए।

बता दें कि पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की करीबी सोनिया आनंद द्वारा लंबे समय से राजेश्वर नगर में नगर निगम की जमीन पर पार्क बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ साल पहले भी जब ऐसा दुस्साहस किया गया था तो निगम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए न केवल राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया बल्कि मौके पर अपना बोर्ड भी लगवा दिया था।

पिछले कुछ दिनों से सोनिया आनंद ने एक बार फिर निगम की भूमि पर पार्क निर्माण करना शुरू करवा दिया। उसके लिए इसी कॉलोनी के कुछ लोगों को भी साथ ले लिया। दुस्साहस दिखाते हुए बाकायदा पिछले दिनों यहां पर पार्क का उद्घाटन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा एवं समाज सेवी अनिल जोशी से करा दिया गया। निगम को जब इस बारे में पता चला तो निगम बोर्ड बैठक में पार्क को MDDA Dehradun के मार्फत दी गयी NOC को निरस्त कर दिया गया। इसी के बाद से मामले ने गरमाना शुरू कर दिया। बीते रोज सोनिया अनान्द ने निगम पहुँचकर मेयर से अभद्रता की और उन पर अनर्गल आरोप लगा डाले। आज इसी को लेकर निगम में जमकर हंगामा हुआ। कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी है तो पार्षदों ने भी सोनिया आंनद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।