HomeCrimeपटना में KHAN SIR के कोचिंग संस्थान पर हमला, तीन लोग गिरफ्तार,...

पटना में KHAN SIR के कोचिंग संस्थान पर हमला, तीन लोग गिरफ्तार, जानिए लेटेस्ट अपडेट!

बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लाहपुर हाट इलाके में मंगलवार रात एक बड़ा विवाद सामने आया। लोकप्रिय शिक्षक फैसल खान, जिन्हें छात्र KHAN SIR के नाम से जानते हैं, के कोचिंग संस्थान ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने संस्थान पर पथराव किया, वहां तोड़फोड़ की और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बुधवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पटना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस और प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे 15 से 20 लोगों का एक समूह अचानक KHAN SIR कोचिंग संस्थान के परिसर में पहुंचा। वहां उन्होंने ईंट-पत्थर फेंके, संस्थान के बोर्ड, पोस्टर और बैनर फाड़ दिए और सुरक्षा गार्ड पर हमला कर दिया।

गार्ड के सिर पर गंभीर चोट

मारपीट में गार्ड के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। KHAN SIR ने बताया कि घटना के समय संस्थान में ऑनलाइन क्लास चल रही थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि हमलावरों ने कोचिंग को दो दिन के भीतर उड़ाने की धमकी दी थी।

फायरिंग होने की चर्चाएं

घटना के बाद इलाके में पांच से आठ राउंड फायरिंग होने की चर्चाएं भी सामने आईं और खान सर ने भी इसका जिक्र किया था। हालांकि पुलिस जांच में अब तक गोलीबारी का कोई सबूत नहीं मिला है। पटना पुलिस और एसएसपी की निगरानी में जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो कहीं भी फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि यह मामला पथराव, मारपीट और तोड़फोड़ तक ही सीमित पाया गया है।

KHAN SIR
KHAN SIR

फिलहाल पुलिस सभी वीडियो फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि घटना के पीछे कोचिंग संस्थानों के बीच व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा का मामला हो सकता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों का संबंध पास में संचालित होने वाले ‘ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर’ से हो सकता है।

KHAN SIR का कोचिंग संस्थान बंद

पुलिस का मानना है कि कम फीस में बेहतर शिक्षा और अच्छे परिणामों के कारण खान ग्लोबल स्टडीज तेजी से लोकप्रिय हुआ है, जिससे कुछ अन्य संस्थानों में असंतोष पैदा हुआ। इसी दिशा में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद और उनके दो सहयोगियों अभिषेक तथा गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद सुरक्षा कारणों से बुधवार को KHAN SIR का कोचिंग संस्थान बंद रखा गया। रोजाना की तरह जब सुबह बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई के लिए पहुंचे तो संस्थान बंद देखकर वे नाराज हो गए और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। हालात को देखते हुए मुसल्लाहपुर हाट इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

स्थिति को शांत करने के लिए KHAN SIR खुद सामने आए और पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा बालकनी से छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने छात्रों से शांति बनाए रखने और अपने हॉस्टल या घर लौटने की अपील की। दूर-दराज के इलाकों से पढ़ने आए छात्रों ने भी इस घटना को लेकर चिंता जताई।

KHAN SIR
KHAN SIR

पुलिस की जांच

पटना पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, विवाद की शुरुआत दोनों कोचिंग संस्थानों से जुड़े छात्रों और समर्थकों के बीच हुए एक झगड़े से हुई थी, जो बाद में बढ़ता चला गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कई आरोप लगाए। ज्ञान बिंदु की ओर से भी फायरिंग के आरोप लगाए गए थे, लेकिन पुलिस ने जांच के बाद इन दावों को खारिज कर दिया है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अब तक 10 से 12 अन्य लोगों की पहचान की जा चुकी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। बिहार सरकार और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। साथ ही सभी कोचिंग संस्थानों को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

HARIDWAR VAISAKHI SNAN 2026 देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

WhatsApp Group
Join Now
DevbhoomiNews Desk
DevbhoomiNews Desk
Abhishek Semwal is Postgraduate in Mass Communication with over three years of experience across digital and print media. Covering a wide range of subjects, with a strong focus on local and regional issues, delivering clear, insightful and engaging content.
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular