JAMMU KASHMIR CLOUDBURST LANDSLIDE: जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार देर रात से शनिवार तक लगातार भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं ने व्यापक तबाही मचाई। रामबन और रियासी जिलों में हुई इन प्राकृतिक आपदाओं में कम से कम सात लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग अभी भी लापता हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे यातायात पूरी तरह ठप है। कटरा में माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन के कारण यात्रा लगातार पांचवें दिन स्थगित है।

JAMMU KASHMIR CLOUDBURST LANDSLIDE: रामबन में बादल फटने से तीन की मौत, चार लापता
रामबन जिले के राजगढ़ इलाके में शुक्रवार देर रात अचानक बादल फटने की घटना हुई। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और चार लोग लापता हैं। तेज बहाव और मलबे ने कई मकानों को पूरी तरह से नष्ट कर दिया। रात करीब दो बजे प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। एसडीआरएफ और क्यूआरटी टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। प्रभावित परिवारों को अस्थायी राहत शिविरों में स्थानांतरित किया गया है। प्रशासन ने नदी और नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

रियासी में भूस्खलन, चार लोगों की मौत
रियासी जिले के महोरे क्षेत्र के बडर गांव में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिसने एक परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में नजीर अहमद, उनकी पत्नी वजीरा बेगम और उनके पांच बच्चों में से चार की मौत हो गई। प्रशासन राहत कार्यों में पूरी तरह जुटा हुआ है। जिला प्रशासन ने पुष्टि की कि बचाव अभियान जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

