घूसखोर महिला दरोगा गिरफ्तार, सेक्स रैकेट में फंसे व्यापारियों से मांगे थे 15 लाख

0
262

कानपुर ब्यूरो- कानपुर में एक महिला दरोगा भुवनेश्वरी देवी को 50 हजार रूपए की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। यह महिला दरोगा कानपुर एडीसीपी पूर्वी के कार्यलय में तैनात है। इस महिला दरोगा ने एक सेक्स रैकेट की सूचना पर छापेमारी की थी जिसमें दो पुरूष और दो महिला को गिरफ्तार किया था। लेकिन महिला दरोगा ने इन को रातभर बंधक बनाकर रखा और छोड़ने के एवज में 15 लाख की डिमांड की। जिसके बाद पुलिस ने सूचना पर शुक्रवार रात को घूस लेते हुए इस महिला दरोगा को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि एडीसीपी राहुल मिठास के कार्यालय में महिला दरोगा भुवनेश्वीर देवी तैनात है। एक सचूना पर इस महिला दरोगा ने एक होमगार्ड के साथ पनकी में चल रहे सेक्स रैकेट पर छापेमारी की। वहां उसने जालौन निवासी दो व्यापारी और दो महिलाओं को मौके पर दबोचा। इन चारों को हिरासत में लेने के बाद इनको बंधक बना दिया और 15 लाख की डिमांड की। किसी तरह यह सूचना पुलिस विभाग के अधिकारियों को पहुंची। फिर पुलिस अधिकारियों ने इस मामले के खुलासे के लिए जाल बिछाया। इसमें एडीसीपी राहुल मिठास और एसीपी कोतवाली अशोक सिंह ने सिविल ड्रेस में चेतना चौराहा के एक रेस्टोरेंट में 50 हजार रूपये की घूस लेते हुए भुवनेश्वरी देवी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस महिला दरोगा के खिलाफ पनकी थाने में रंगदारी, अपहरण समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा रही है। इसके बाद आज शनिवार को इसे कोर्ट में पेश किया जायेगा। यह पहला मामला है जब किसी महिला दरोगा को घूस लेते हुए एंटी करेप्शन की टीम ने नहीं बल्कि पुलिस अधिकारियों ने ही गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि इस महिला दरोगा ने इन व्यापारियों के साथ जमकर मारपीट भी की और इनकी अंगूठी और चेन भी लूट लिए। पुलिस ने इस मामले में एक होमगार्ड और चार लोगों को भी गिरफ्तार किया है।