DROUPADI MURMU NAINITAL VISIT: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे के दूसरे दिन सोमवार को देहरादून से नैनीताल पहुंचीं। यह दौरा 2 नवंबर से 4 नवंबर 2025 तक निर्धारित है, जिसके तहत वे राज्य विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करने, राजभवन के 125वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने और प्रसिद्ध कैंची धाम में नीम करोली बाबा के दर्शन करने आई हैं। राष्ट्रपति का हेलिकॉप्टर हल्द्वानी एयरपोर्ट पर लैंड करेगा, जहां से वे राजभवन के लिए रवाना होंगी।

DROUPADI MURMU NAINITAL VISIT: राजभवन के स्थापना दिवस पर होंगी शामिल, कल कैंची धाम दर्शन
आज शाम राष्ट्रपति मुर्मू नैनीताल राजभवन के 125वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी। कल, 4 नवंबर की सुबह 10:05 से 10:35 बजे तक उनका कैंची धाम में दर्शन कार्यक्रम निर्धारित है। कैंची धाम दर्शन को लेकर प्रशासन और मंदिर समिति ने विशेष व्यवस्था की है। कल सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक श्रद्धालुओं का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। राष्ट्रपति इस दौरान बाबा नीम करोली के आश्रम में पूजा-अर्चना करेंगी। मंदिर प्रबंधन समिति ने भक्तों से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे के बाद ही दर्शन के लिए पहुंचे। दर्शन के बाद वे कुमाऊं विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी।
नैनीताल में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा तैनाती
राष्ट्रपति के नैनीताल दौरे को लेकर पूरे जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। लगभग 1500 से अधिक पुलिसकर्मी, एसएसबी, आईटीबीपी और स्थानीय पुलिस की टीमें सुरक्षा में लगी हैं। शहर और आसपास के इलाकों में नो फ्लाई ज़ोन घोषित किया गया है, जबकि सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी से पूरा क्षेत्र कवर किया गया है। हल्द्वानी से कैंची धाम तक के मार्ग पर वाहनों की जांच, बैरिकेडिंग और निगरानी के लिए 17 प्रमुख बिंदुओं पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। जिलाधिकारी और एसएसपी के नेतृत्व में संयुक्त कमांड सेंटर बनाया गया है, जो चौबीसों घंटे स्थिति पर नजर रखेगा।

हरिद्वार से शुरू हुआ तीन दिवसीय राज्य दौरा
राष्ट्रपति का यह तीन दिवसीय दौरा 2 नवंबर को हरिद्वार में चैरिटेबल सोसाइटी के रजत जयंती समारोह से शुरू हुआ था। इसके बाद 3 नवंबर की सुबह उन्होंने देहरादून में आयोजित उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने राज्य की उपलब्धियों और विकास यात्रा की सराहना की थी। बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 4 नवंबर की शाम दौरा समाप्त कर नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी।(DROUPADI MURMU NAINITAL VISIT)

देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

