/ Mar 24, 2026
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
DEHRADUN MURDER: राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात छात्रों के दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर हुई खूनी भिड़ंत में एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में B.Tech तृतीय वर्ष के छात्र दिव्यांशु जटराणा पर दूसरे गुट के 15 से अधिक छात्रों ने लाठी-डंडों और फावड़े से जानलेवा हमला किया। गंभीर रूप से घायल छात्र ने दून अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार (23 मार्च) रात करीब 8:30 बजे की है। मुजफ्फरनगर (यूपी) के भोपा निवासी 22 वर्षीय दिव्यांशु जटराणा प्रेमनगर के केहरी गांव स्थित ‘बावा की रसोई’ में खाना खाने गया था। वहां पहले से ही दूसरे गुट के छात्र मौजूद थे। कॉलेज में आपसी वर्चस्व को लेकर दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। होटल में देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे पक्ष के 15 से ज्यादा छात्रों ने एक राय होकर दिव्यांशु को घेर लिया और उस पर लाठी-डंडों व फावड़े से हमला कर दिया।
हमले के बाद दिव्यांशु लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। साथी छात्र उसे तुरंत प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन वहां एम्बुलेंस खराब मिली। मौके पर मौजूद प्रेमनगर पुलिस ने समय गंवाए बिना घायल छात्र को अपने सरकारी वाहन में डाला और दून अस्पताल पहुँचाया। हालांकि, सिर पर गहरी चोट होने के कारण देर रात इलाज के दौरान दिव्यांशु की मौत हो गई।(DEHRADUN MURDER)

मृतक के चाचा गौरव राणा की तहरीर पर प्रेमनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) [हत्या], दंगा करने और साजिश रचने की धाराओं में 15 नामजद और कई अज्ञात छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने रात में ही दबिश देकर तीन छात्रों को गिरफ्तार कर लिया:
युवराज कुमार (20): निवासी भोजपुर, बिहार (BBA द्वितीय वर्ष)
मधुर खंडेलवाल (19): निवासी रुद्रपुर, उधम सिंह नगर (B.Tech तृतीय वर्ष)
शिवम शर्मा (20): निवासी दानापुर, पटना, बिहार (B.Tech तृतीय वर्ष)
ये तीनों आरोपी प्रेमनगर क्षेत्र में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रहे थे। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों—आर्यन शर्मा, अंकुर, प्रहलाद राज, वैभव मिश्रा सहित अन्य की गिरफ्तारी के लिए टीमें भेजी गई हैं।
देहरादून में हाल ही में कई गंभीर हत्याकांड सामने आए हैं। 11 मार्च 2026 को प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला रोड स्थित बालासुंदरी मंदिर के पास जंगल में एक अज्ञात महिला का शव सफेद कट्टे में मिला था। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी रंजीत शर्मा ने अपनी पत्नी रूपा का गला दबाकर हत्या कर दी। शव को तीन दिन घर में रखने के बाद बोरे में भरकर जंगल में फेंक दिया था।

13 फरवरी को देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल परिसर में गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 40 दिन बीत जाने के बाद भी देहरादून पुलिस शूटरों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। खुडबुडा मोहल्ले में आरोपी आकाश ने एक युवती की बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने SIT गठित की और इस मामले को “Rare of the Rarest” श्रेणी में रखते हुए कठोरतम सजा की माँग करने की तैयारी की है।(DEHRADUN MURDER)
ये भी पढ़िए- UTTARAKHAND CONGRESS ने धामी सरकार के 4 साल के जश्न पर उठाए सवाल, बताया ‘छलावा’
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.