नेलांग घाटी में भूस्खलन की चपेट में आने से सेना के एक जवान की मौत, दो घायल

0
313

उत्तरकाशी (विनीत कंसवाल)- भारत- चीन सीमा से सटे नेलांग बॉर्डर पर भूस्खलन की चपेट में आने से भारतीय सेना के एक जवान की मौत हो गई और दो जवान घायल हो गये। बताया जा रहा है कि एक घायल जवान को हेलीकॉप्टर की मदद से देहरादून भेजा गया है। सेना की ओर से अभी इस घटना की पुष्टि नहीं हुई है।

बताया जा रहा है कि नेलांग बॉर्डर पर गंगोत्री हाईवे पर भैरोंघाटी से लगभग तीन किलोमीटर आगे हवा बैंड के पास तीन जवान भूस्खलन की चपेट में आ गये। बताया जा रहा है कि हवा बैंड के पास सड़क बंद थी और जिस कारण सेना के जवान पैदल की वहां सड़क पार करने लगे। तभी पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे। जिसके चपटे में ये तीनों जवान आ गये। इस दुर्घटना में एक जवान की मौत हो गई और दो जवान घायल हो गये। ये भारतीय जवान भारतीय सेना के हर्षिल यूनिट के हैं और नेलांग से हर्षिल के लिए वापस लौट रहे थे। घटना के बाद सेना ने ही वहां पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बताया यह भी जा रहा है कि घायल एक जवान को हेलीकॉप्टर की मदद से देहरादून लाया गया है। सेना की ओर से अभी इस घटना की पुष्टि नहीं की गई। लेकिन सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि मरने वाला जवान जम्मू- कश्मीर का था और जवान के शव को उत्तरकाशी लाया जा रहा है। साथ ही यह भी सामने आया है कि इस घटना में एक सैन्य अधिकारी की भी चोटें आई है।