CM DHAMI: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री PUSHKAR SINGH DHAMI ने आज कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट तथा उद्यान विभाग के अंतर्गत 22 प्रयोगशाला सहायक और मशरूम पर्यवेक्षक शामिल रहे।
इस अवसर पर CM DHAMI ने कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल नौकरी प्राप्त करने का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प पत्र है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय और भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण राज्य में सरकारी सेवाओं से जुड़े कार्मिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
CM DHAMI ने की खास अपील
उन्होंने नव नियुक्त अभ्यर्थियों से संवेदनशीलता, सेवा भावना और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है और इसका सकारात्मक प्रभाव अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 62 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। इसके माध्यम से लगभग 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

सरकार की गिनाई उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों के विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में राज्य में पांच मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं जबकि दो मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल भी संचालित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
हल्द्वानी में अत्याधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य भी तेजी से प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस सेवाओं के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को त्वरित सहायता मिल सके।
कृषि और उद्यानिकी क्षेत्र को आधुनिक तकनीक और नवाचार को मिले नई दिशा
कार्यक्रम में उद्यान विभाग में नियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए CM DHAMI ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और उद्यानिकी क्षेत्र को आधुनिक तकनीक और नवाचार के माध्यम से नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नव नियुक्त युवा प्रदेश को कृषि नवाचार और आधुनिक उद्यानिकी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

READ MORE:
- UTTARAKHAND GOVERNMENT JOBS: सीएम धामी ने 63 सफाई निरीक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र
- उत्तराखंड में मेडिकल कॉलेजों को मिले 142 नए असिस्टेंट प्रोफेसर, सीएम धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र
- सीएम धामी ने 178 सहायक सांख्यिकी अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, पारदर्शी भर्तियों और रोजगार सृजन पर दिया जोर
भर्ती प्रक्रियाओं में पूरी पारदर्शिता
CM DHAMI ने कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिसके कारण भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री SUBODH UNIYAL, कृषि मंत्री GANESH JOSHI, कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, सचिव सचिन कुर्वे, डॉ. एस.एन. पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

