UTTARAKHAND WEATHER UPDATE: पिछले कुछ दिनों से उत्तराखंड में जारी बारिश, ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं के दौर के बाद अब मौसम स्थिर होने लग गया है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय Western Disturbance अब कमजोर पड़ चुका है, जिससे आने वाले दिनों में भारी बारिश या तूफान की संभावना कम ही नजर आ रही है। हालांकि, आज राज्य के पांच पहाड़ी जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
UTTARAKHAND WEATHER UPDATE: सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव हुआ कम
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में कोई भी ‘स्ट्रॉन्ग सिस्टम’ सक्रिय नहीं है। इसका सीधा मतलब ये है कि अब मौसम शुष्क रहेगा और धूप खिलने की पूरी संभावना है। पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि के कारण तापमान में जो 8 से 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई थी, उसकी भरपाई अब बढ़ते पारे से होगी।
आने वाले कुछ दिन ऐसा हो सकता है मौसम
UTTARAKHAND WEATHER UPDATE के अनुसार अधिकांश जिलों में तो मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे सीमांत जनपदों में छिटपुट हलचल हो सकती है:
- 11 और 12 अप्रैल: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश और गर्जना की संभावना है। 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

- 13 अप्रैल: केवल उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार हैं। बाकी पूरे प्रदेश में खिली धूप रहने का अनुमान है।
- 14 और 15 अप्रैल: राज्य के सभी 13 जनपदों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। ये चारधाम यात्रा की तैयारियों में जुटे प्रशासन के लिए राहत की खबर है।
- 16 अप्रैल: एक बार फिर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की वर्षा और बर्फबारी के आसार बन सकते हैं।
READ MORE:
- लखनऊ हाईकोर्ट में हाई-वोल्टेज ड्रामा: पांचवीं मंजिल से कूदने जा रही महिला को दरोगा पांडेय की सूझबूझ ने बचाया
- NOIDA GARMENT WORKERS PROTEST: होजरी कॉम्प्लेक्स में हजारों श्रमिकों का प्रदर्शन, पुलिस के साथ झड़प
- West Bengal SIR Row -Supreme Court calls for hearing on 13 th April
मैदानी इलाकों में बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 4-5 दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी:
- मैदानी इलाके: यहां अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है।
- पहाड़ी क्षेत्र: यहां पारा 7 से 10 डिग्री तक ऊपर चढ़ सकता है।
- राजधानी देहरादून: शनिवार को दून का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री रहने का अनुमान है। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना नहीं है।
UTTARAKHAND WEATHER UPDATE: अप्रैल में असामान्य बारिश और बर्फबारी
उत्तराखंड में अप्रैल महीने में हो रही असामान्य बारिश और बर्फबारी ने पूरे जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राज्य के चारों धाम इस वक्त बर्फ से ढके हुए हैं, जिसके चलते चारधाम यात्रा की तैयारियों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है। गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर बर्फ गिरने से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। निचले क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण ठंड का असर बढ़ गया है। बारिश और ओलावृष्टि ने रवांई घाटी में किसानों की फसलों और बागानों को काफी नुकसान पहुंचाया है।

केदारनाथ धाम भी पूरी तरह बर्फ की मोटी परत में ढका हुआ है, जिससे यहां का दृश्य बेहद मनमोहक नजर आ रहा है। हालांकि इस भारी बर्फबारी का असर यात्रा से पहले चल रही तैयारियों पर भी पड़ा है। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन मार्गों को खोलने और जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा है, ताकि यात्रा शुरू होने पर श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो। (UTTARAKHAND WEATHER UPDATE)
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

