/ Mar 16, 2026
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
UTTARAKHAND GOVERNMENT JOBS: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज राजधानी देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शहरी विकास विभाग के अंतर्गत नवनियुक्त 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित इन युवाओं को शुभकामनाएँ देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के अपने संकल्प पर तेजी से काम कर रही है और पिछले चार वर्षों में प्रदेश के लगभग 30 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों से जोड़ा जा चुका है।
नियुक्ति पत्र वितरण के साथ ही मुख्यमंत्री ने शहरी निकायों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए कूड़ा निस्तारण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और लगभग 62 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले शहरी विकास निदेशालय के आधुनिक भवन का वर्चुअल शिलान्यास भी किया।(UTTARAKHAND GOVERNMENT JOBS)

मुख्यमंत्री ने राज्य की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि उत्तराखंड के गठन के समय प्रदेश में केवल 63 स्थानीय नगर निकाय थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 108 हो गई है। वर्तमान में राज्य में 11 नगर निगम, 46 नगर पालिका परिषद और 51 नगर पंचायतें सक्रिय हैं, जो इस बात का प्रमाण हैं कि हमारे शहर अब आर्थिक गतिविधियों के बड़े केंद्र बन चुके हैं।(UTTARAKHAND GOVERNMENT JOBS)
उन्होंने जोर देकर कहा कि इन शहरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाना सरकार की प्राथमिकता है। निकायों की प्रशासनिक क्षमता को मजबूत करने के लिए पिछले 5 वर्षों में 63 अधिशासी अधिकारियों, 22 कर एवं राजस्व निरीक्षकों और 32 अवर अभियंताओं की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है और अब 63 सफाई निरीक्षकों के आने से धरातल पर स्वच्छता प्रबंधन और बेहतर होगा।
उत्तराखंड की पहचान आध्यात्म और पर्यटन से जुड़ी है, जिसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने सफाई निरीक्षकों को उनकी अहम जिम्मेदारी का अहसास कराया। उन्होंने कहा कि अगले महीने से विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा शुरू होने वाली है और वर्ष 2027 में महाकुंभ का भव्य आयोजन होना है। इन अवसरों पर देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए तीर्थस्थलों और शहरों की स्वच्छता बनाए रखना एक बड़ी चुनौती और जिम्मेदारी है। नगर निकायों को इन आयोजनों के दौरान स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं के सुचारू संचालन के लिए अभी से कमर कसनी होगी।

राज्य सरकार शहरों को सुरक्षित और स्मार्ट बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस कचरा प्रबंधन को मजबूत किया जा रहा है और कूड़ा वाहनों की रीयल-टाइम निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। पर्यावरण संरक्षण के लिए शहर में 30 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो चुका है और 11 स्थानों पर इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में सुलभ स्वास्थ्य के लिए ‘अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर’ और निराश्रित गौवंश के लिए ‘आश्रय योजना’ जैसी पहल भी की गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों को सरकार ‘स्वच्छता सैनानी सम्मान’ से प्रोत्साहित कर रही है। कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन बनाए गए हैं ताकि शहरों को कूड़े के ढेरों से मुक्ति मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवनियुक्त निरीक्षक अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाएंगे और उत्तराखंड के शहरों को आदर्श शहर बनाने में योगदान देंगे। इस कार्यक्रम में विधायक खजान दास, बंशीधर भगत, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर सहित शहरी विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.