/ Feb 23, 2026
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
DEHRADUN BMW ACCIDENT: उत्तराखंड की राजधानी में रफ्तार और नशे के कहर ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। शनिवार देर रात हरिद्वार-देहरादून राजमार्ग पर स्थित लालतप्पड़ चेक पोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू (BMW) कार ने बैरिकेड्स तोड़ते हुए पुलिस टीम को टक्कर मार दी। इस हादसे में हर्रावाला चौकी इंचार्ज रघुवीर कपरूवान का पैर फ्रैक्चर हो गया है, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना शनिवार रात्रि करीब 12:45 बजे की है। पुलिस बल लालतप्पड़ के पास बैरिकेड लगाकर नियमित चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान हरिद्वार की तरफ से आ रही एक काले रंग की लग्जरी कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। चालक ने रफ्तार कम करने के बजाय कार सीधे बैरियर और वहां खड़े पुलिसकर्मियों पर चढ़ा दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बैरियर की चपेट में आने से पुलिसकर्मी लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। आरोपी ने भागने के प्रयास में कार को पीछे लेकर दोबारा पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

इस दुर्घटना में हर्रावाला चौकी इंचार्ज रघुवीर कपरूवान, लालतप्पड़ चौकी के एएसआई मनोज कुमार और सिपाही गुलशन घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल जौलीग्रांट स्थित हिमालयन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, रघुवीर कपरूवान के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। नशे में धुत चालक ने न केवल पुलिसकर्मियों को चोट पहुँचाई, बल्कि चेक पोस्ट के समीप खड़ी चार अन्य गाड़ियों को भी टक्कर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।(DEHRADUN BMW ACCIDENT)
कोतवाली प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान तरुण के रूप में हुई है, जो जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। मेडिकल जांच में आरोपी के अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के जरिए मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।(DEHRADUN BMW ACCIDENT)

उत्तराखंड में अप्रैल से जनगणना और SIR की प्रक्रिया एक साथ, प्रशासन की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.