ALMORA ACCIDENT: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में वाहन सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा डोटियाल नामक स्थान से करीब एक किलोमीटर आगे उस समय हुआ जब पिकअप चालक सामने से आ रही एक बस को रास्ता देने की कोशिश कर रहा था। हादसे के वक्त वाहन में कुल 7 लोग सवार थे।
ALMORA ACCIDENT : बस को बचाने के फेर में अनियंत्रित हुआ वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों से मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप यात्रियों को लेकर जा रही थी। डोटियाल के पास संकरी सड़क पर सामने से एक बस आ गई, जिसे पास देने के दौरान चालक साकम सिंह ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। आशंका जताई जा रही है कि सड़क का किनारा धंसने या जगह कम होने की वजह से पिकअप सीधे खाई में जा गिरी। घायलों का कहना है कि यदि बस से सीधी टक्कर होती, तो नुकसान और भी अधिक हो सकता था। खाई में पिकअप पलटने के कारण कुछ यात्री गाड़ी के नीचे ही दब गए थे।

ALMORA ACCIDENT: स्थानीय ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने गहरी ढलान वाली खाई में उतरकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला। एम्बुलेंस का इंतजार करने के बजाय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए अपने निजी वाहनों से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए देवायल, सल्ट के अस्पताल पहुँचाया। पुलिस प्रशासन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
दुर्घटना में घायल हुए लोगों का विवरण
इस हादसे में पांच लोग मुख्य रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। घायलों की पहचान चालक साकम सिंह (35 वर्ष, निवासी सराईखेत), राजेंद्र सिंह (36 वर्ष, निवासी केलाखेड़ा, ऊधम सिंह नगर), सुभाष (19 वर्ष, निवासी नेपाल), चंद्रसेन सैनी (41 वर्ष, निवासी बिजनौर, यूपी) और विजेंद्र सिंह (36 वर्ष, निवासी बिजनौर, यूपी) के रूप में हुई है। चिकित्सा कर्मियों के अनुसार फिलहाल सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।(ALMORA ACCIDENT)

देहरादून और नैनीताल में अदालतों को फिर बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

