/ Feb 04, 2026
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
UDHAMPUR ENCOUNTER: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों को आतंकवाद विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार को बसंतगढ़ के जाफर जंगल इलाके में चली लंबी मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के दो शीर्ष कमांडरों को ढेर कर दिया। मारे गए आतंकियों की पहचान जुबैर और निक्कू के रूप में हुई है। यह ऑपरेशन मंगलवार से शुरू हुआ था, जब सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर सेना की व्हाइट नाइट कोर की सीआईएफ (CIF) डेल्टा यूनिट, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ (CRPF) ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी की थी।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मारे गए आतंकियों का यह मॉड्यूल सीमा पार बैठे आकाओं के सीधे संपर्क में था और पिछले एक महीने से रडार पर था। जुबैर वर्ष 2023 में पाकिस्तान से घुसपैठ कर भारत में दाखिल हुआ था और क्षेत्र में आतंकी नेटवर्क को विस्तार देने में जुटा था। वहीं, निक्कू एक स्थानीय आतंकी था जो हाल ही में जैश में शामिल होकर कुख्यात कमांडर बन चुका था। निक्कू की मदद से जुबैर इलाके की भौगोलिक जानकारी जुटा रहा था और बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहा था।

मुठभेड़ के दौरान दोनों आतंकवादियों ने जाफर जंगल की एक प्राकृतिक गुफा को अपना ठिकाना बना लिया था। मंगलवार को शुरुआती गोलीबारी में एक आतंकी घायल हुआ था, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर गुफा के भीतर चले गए थे। गुफा से बाहर निकलने के दो रास्ते होने के कारण ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था। मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे आतंकियों ने फिर से फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने घेराबंदी को और कड़ा कर दिया। इस दौरान पैराट्रूपर्स, श्वान दस्ते और अतिरिक्त सैन्य टुकड़ियों को मौके पर भेजा गया।

आतंकियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने के लिए सुरक्षाबलों ने यूबीजीएल (अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) का इस्तेमाल किया। गुफा के भीतर की स्थिति जानने और आतंकियों के जीवित होने की पुष्टि करने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली गई। सुरक्षाबलों की इस संयुक्त कार्रवाई में दोनों कमांडरों को मार गिराने के बाद एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है। यह मॉड्यूल कुल तीन आतंकियों का था, जिनमें से तीसरा कमांडर उस्मान 23 जनवरी को कठुआ मुठभेड़ में पहले ही मारा जा चुका है।

हल्द्वानी में बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या, स्टील के लोटे से बेरहमी से पीटा
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.