PADMA AWARDS 2026: भारत सरकार ने 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वर्ष 2026 के लिए देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस वर्ष राष्ट्रपति ने कुल 131 पद्म अलंकरणों को मंजूरी दी है, जिनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। इस सूची में 19 महिलाएं और 16 मरणोपरांत सम्मान पाने वाले व्यक्ति शामिल हैं। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन को मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया जाएगा।

PADMA AWARDS 2026: धर्मेंद्र और अच्युतानंदन समेत 5 हस्तियों को पद्म विभूषण सम्मान
इस साल 5 विशिष्ट हस्तियों को पद्म विभूषण से नवाजा जाएगा। इनमें प्रमुख नाम अभिनेता धर्मेंद्र का है, जिन्हें कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए मरणोपरांत यह सम्मान दिया जा रहा है। इसके अलावा केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कम्युनिस्ट नेता वी.एस. अच्युतानंदन को सामाजिक कार्यों के लिए मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। अन्य पद्म विभूषण प्राप्तकर्ताओं में केरल के पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज के.टी. थॉमस (सार्वजनिक मामले), वायलिन वादक एन. राजम (कला) और पी. नारायणन (साहित्य एवं शिक्षा) शामिल हैं।

पद्म भूषण: कोश्यारी, अलका याग्निक और ममूटी का नाम सूची में
देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ के लिए 13 नामों की घोषणा की गई है। इस सूची में उत्तराखंड के कद्दावर नेता भगत सिंह कोश्यारी का नाम प्रमुखता से शामिल है। उनके अलावा मशहूर गायिका अलका याग्निक, मलयाली सुपर स्टार ममूटी, और मेडिकल क्षेत्र में योगदान के लिए तमिलनाडु के कल्लीपट्टी रामासामी पलनीसामी को यह सम्मान मिलेगा। एड गुरु पीयूष पांडेय, झारखंड के कद्दावर नेता शिबू सोरेन और वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार मल्होत्रा को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। खेल जगत से टेनिस स्टार विजय अमृतराज और बैंकिंग सेक्टर से उदय कोटक भी इस सूची में हैं।

पद्म श्री: रोहित शर्मा, हरमनप्रीत कौर समेत 113 को मिलेगा सम्मान
कला, समाज सेवा, विज्ञान, खेल और चिकित्सा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 113 लोगों को ‘पद्म श्री’ से सम्मानित किया जाएगा। खेल जगत से भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार, हॉकी खिलाड़ी सविता पुनिया और एथलीट बलदेव सिंह को पद्म श्री के लिए चुना गया है। इसके अलावा कला क्षेत्र से अभिनेता सतीश शाह (मरणोपरांत), अनिल कुमार रस्तोगी और पश्चिम बंगाल के प्रसूनजीत चटर्जी शामिल हैं। विज्ञान एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में केरल के ए.ई. मुथुनयगम और तमिलनाडु के के. रामासामी को यह सम्मान मिलेगा।

देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

