DEHRADUN NAGAR NIGAM: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून को जाम मुक्त और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को देहरादून नगर निगम के 27वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहरवासियों को करोड़ों रुपये की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान लगभग 46 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने दून की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड बनाने की योजना पर भी अहम जानकारी साझा की।

DEHRADUN NAGAR NIGAM का कचरा प्रबंधन और स्मार्ट सिटी पर फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून को आधुनिक शहर बनाने के लिए सरकार वर्तमान में 1400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम कर रही है। शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए ठोस कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए आधुनिक मशीनीकृत ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण किया गया है। तकनीक का उपयोग करते हुए कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) स्थापित किया गया है। इसके अलावा पीएम स्वनिधि, अमृत मिशन और लीगेसी वेस्ट प्रबंधन जैसी योजनाओं के जरिए नागरिकों का जीवन स्तर सुधारने का प्रयास जारी है।

केदारपुरम में बनेगा योगा थीम पार्क
हरित देहरादून की संकल्पना को साकार करने के लिए सरकार ने शहर में 35 नए पार्कों का निर्माण कराया है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि केदारपुरम में ‘योगा थीम’ पर आधारित शहर के सबसे बड़े पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा, शहीदों की याद में स्मृति पार्कों के जरिए 50 हजार वर्ग मीटर से ज्यादा हरित क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली नदियों को पुनर्जीवित करने के लिए ‘रिन्यू रिस्पना’ अभियान भी चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बेहतरीन काम करने वाले नगर निगम के कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।

ट्रैफिक और प्रदूषण से निपटने का मास्टर प्लान
बढ़ते ट्रैफिक और प्रदूषण को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सरकार का रोडमैप साझा किया। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए शहर में 30 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं और निजी वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं। सरकार के प्रयासों से ‘नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम’ के तहत देहरादून ने देशभर में 19वां स्थान हासिल किया है। वहीं, ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए विभिन्न जगहों पर भूमिगत पार्किंग बनाई जा रही है। सबसे महत्वपूर्ण योजना के तहत रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड बनाने की रूपरेखा तैयार की जा रही है, जिससे शहर को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

