KEDARNATH ACCIDENT: उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा एक बार फिर प्राकृतिक आपदा का शिकार हो गई है। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर जंगलचट्टी के पास बुधवार सुबह लगभग 11:33 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, तीन अन्य घायल हो गए और एक यात्री अभी भी लापता बताया जा रहा है। यह हादसा बिजली पोल नंबर 153 के पास हुआ, जहां अचानक भारी मलबा और पत्थर पहाड़ी से नीचे गिर गए।

KEDARNATH ACCIDENT: मलबे की चपेट में 5 श्रद्धालु
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु मलबे की चपेट में आकर खाई में गिर पड़े। लगातार हो रही प्री-मानसून बारिश के चलते यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। राहत टीम ने अब तक दो शवों को खाई से बाहर निकाल लिया है, जबकि तीन घायल यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद कंडी के माध्यम से गौरीकुंड भेजा गया है। रेस्क्यू टीम का कहना है कि एक और व्यक्ति के खाई में गिरने की आशंका है, जिसकी तलाश जारी है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो पाई है।

प्रशासन ने बताया कि घटना के पीछे पहाड़ी रास्ते की फिसलन और दुर्गम भू-भाग भी एक कारण हो सकता है। इधर, मौसम विभाग ने पहले ही उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हादसे के बाद राहत कार्यों को तेज कर दिया गया है। आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर तैनात हैं और यात्रा मार्ग पर निगरानी बढ़ा दी गई है। राज्य सरकार की ओर से भी अधिकारियों को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्परता से कार्रवाई की जा सके।

नंदा देवी राजजात 2026, सीएम धामी ने वर्चुअल बैठक में तैयारियों का लिया जायजा
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

