/ Feb 19, 2026
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
UTTARAKHAND WEATHER UPDATE: उत्तराखंड में फरवरी के मध्य तक जहां चटक धूप और बढ़ते तापमान ने गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया था, वहीं अब मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बुधवार से शुरू हुए इस बदलाव ने पूरे प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट ला दी है। तराई और भाबर के मैदानी इलाकों में सुबह से ही बादलों का डेरा रहा, जिससे सूरज की तपिश गायब रही और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। (UTTARAKHAND WEATHER UPDATE)
गुरुवार को उत्तराखंड के कई ऊँचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई। रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम में करीब छह इंच ताजा हिमपात दर्ज किया गया है, जिससे पूरा धाम एक बार फिर चांदी जैसी सफेद बर्फ से ढक गया है। केदारनाथ के अलावा बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में भी हल्की बर्फबारी की खबर है। पिथौरागढ़ के मुनस्यारी और धारचूला के साथ-साथ उत्तरकाशी के हर्षिल और गंगोत्री के ऊपरी हिस्सों में भी हिमपात हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 3300 मीटर से अधिक ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अभी भी बनी हुई है।

प्रदेश के करीब 7 जिलों में गुरुवार सुबह झमाझम बारिश दर्ज की गई। इनमें रुद्रप्रयाग, पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर और नैनीताल शामिल हैं। अल्मोड़ा जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही रिमझिम वर्षा का दौर जारी रहा, जहाँ अब तक 1.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। चंपावत में तेज हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी ने ठंड बढ़ा दी है, जबकि नैनीताल में घने बादलों के बीच हल्की फुहारें पड़ती रहीं।(UTTARAKHAND WEATHER UPDATE)
मौसम में आए इस अचानक बदलाव से पारे में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन की तुलना में 3.3 डिग्री कम था। पिथौरागढ़ और अन्य पर्वतीय जिलों में बारिश और सर्द हवाओं ने तापमान को काफी नीचे ला दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 22 फरवरी तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जिससे मैदानी इलाकों में धूप खिलेगी। हालांकि, 23 फरवरी से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते मौसम के करवट बदलने की संभावना जताई गई है।

उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र भराड़ीसैण में 9 मार्च से, 11 मार्च को होगा बजट पेश
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.