वीडियो गेम इंडस्ट्री में इन दिनों ROCKSTAR GAMES GTA VI की चर्चा गरम है। विभिन्न रिपोर्टों के आधार पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि यह अब तक का सबसे महंगा वीडियो गेम बन सकता है। रॉकस्टार नॉर्थ द्वारा कर्मचारियों के वेतन पर किए गए खर्च के जो आंकड़े सामने आए हैं, वे इस गेम के विशाल बजट की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर लागत की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन उपलब्ध आंकड़ों ने उद्योग जगत के पुराने सभी अनुमानों को पीछे छोड़ दिया है।
एक सोशल मीडिया यूजर द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, रॉकस्टार नॉर्थ ने मार्च 2019 से मार्च 2025 के बीच केवल कर्मचारियों के वेतन और तनख्वाह पर लगभग 1.6 अरब पाउंड खर्च किए हैं, जो अमेरिकी डॉलर में करीब 2.1 अरब डॉलर के बराबर है। इन दस्तावेजों से यह भी पता चला है कि रॉकस्टार नॉर्थ में कर्मचारियों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। मार्च 2025 तक यहां औसतन 1,744 कर्मचारी कार्यरत थे, जबकि इससे पिछले वर्ष यह संख्या 1,658 थी।

कीमत 3 अरब डॉलर पार करने की संभावना
विशेषज्ञों का मानना है कि 2.1 अरब डॉलर का यह आंकड़ा केवल एक स्टूडियो के वेतन पर खर्च को दर्शाता है। इसमें अन्य सहायक रॉकस्टार स्टूडियो का खर्च, वैश्विक स्तर पर होने वाली मार्केटिंग और प्रोडक्शन संबंधी खर्चे शामिल नहीं हैं। वर्तमान में लगभग दस अलग-अलग रॉकस्टार स्टूडियो इस परियोजना पर मिलकर काम कर रहे हैं।
ROCKSTAR GAMES GTA VI की लॉन्चिंग 19 नवंबर 2026 को निर्धारित है, इसलिए अतिरिक्त खर्च जोड़ने पर इस गेम की कुल कीमत आसानी से 3 अरब डॉलर के स्तर को पार कर सकती है। यदि ऐसा होता है, तो यह अमेज़न की प्रसिद्ध टेलीविजन सीरीज ‘द रिंग्स ऑफ पावर’ की 2 अरब डॉलर की लागत को भी पीछे छोड़ देगा।
पुराने अनुमानों और पिछले संस्करणों से तुलना
GTA VI की लागत को लेकर समय-समय पर अलग-अलग अनुमान लगाए जाते रहे हैं। मई 2025 में इसके 1 अरब डॉलर तक पहुंचने की बात कही गई थी, वहीं अगस्त 2025 में विश्लेषकों ने इसे 1.5 अरब डॉलर से अधिक बताया था। ताजा रिपोर्ट इन सभी दावों से कहीं आगे निकल गई है।
अगर इसकी तुलना इस श्रृंखला के पिछले गेम GTA V से की जाए, तो उसकी कुल विकास और मार्केटिंग लागत लगभग 20.65 करोड़ से 24.68 करोड़ डॉलर के बीच रही थी। इस लिहाज से नया गेम अपने पिछले संस्करण से कई गुना अधिक महंगा साबित होने वाला है।

ROCKSTAR GAMES GTA VI की तकनीक और एनपीसी सिस्टम में बदलाव
इस विशाल बजट का एक बड़ा हिस्सा गेम की तकनीक को उन्नत बनाने में खर्च किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, रॉकस्टार गेम्स इसमें एक ‘डायलॉग डिके सिस्टम’ विकसित कर रहा है, जिससे गेम के गैर-खिलाड़ी पात्र यानी NPC पहले से कहीं अधिक वास्तविक व्यवहार करेंगे।
ये पात्र अब केवल रटे-रटाए संवाद नहीं बोलेंगे, बल्कि रियल-टाइम परिस्थितियों के आधार पर अपनी प्रतिक्रिया देंगे। इसके लिए वॉयस एक्टर्स ने हजारों वेरिएशंस रिकॉर्ड किए हैं। गेम का इंजन खिलाड़ी की मौजूदगी और खतरे के स्तर को भांपकर सही संवाद का चुनाव करेगा।
याददाश्त और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता
ROCKSTAR GAMES GTA VI की दुनिया को अधिक जीवंत बनाने के लिए इसमें ‘मैमोरी सिस्टम’ जोड़ा गया है। इसके तहत NPC खिलाड़ी को पहचानने और पिछली घटनाओं के आधार पर अपना व्यवहार बदलने में सक्षम होंगे। मौसम की स्थिति जैसे गर्मी की लहर या तूफान और दिन के समय के अनुसार पात्रों की भाषा और लहजे में बदलाव देखने को मिलेगा।
इसके अलावा, ROCKSTAR GAMES GTA VI के भौतिक विज्ञान यानी फिजिक्स में भी सुधार किया गया है। वाहनों की टक्कर और कांच टूटने के दृश्य अब वास्तविक गणनाओं पर आधारित होंगे। ट्रैफिक सिस्टम को भी रश-ऑवर पैटर्न के अनुसार ढाला गया है ताकि आभासी शहर पूरी तरह से वास्तविक लगे।
ये भी पढ़िए- क्या लॉकडाउन की खबर सही है? सोशल मीडिया पर वायरल WAR LOCKDOWN NOTICE की सच्चाई क्या है?
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

