/ Feb 03, 2026
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
HOUSE OF HIMALAYAS: उत्तराखंड के हिमालयी उत्पादों का साझे ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ने लॉन्चिंग के महज दो साल के भीतर इस ब्रांड ने 3.70 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ग्राम्य विकास विभाग के अधीन संचालित यह ब्रांड अब राष्ट्रीय सीमाओं को लांघकर अंतरराष्ट्रीय बाजारों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ की शुरुआत दिसंबर 2023 में देहरादून में आयोजित ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ के दौरान शुरू हुई थी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इसका उद्घाटन किया था।

इस उद्घाटन के बाद ब्रांड की साख और मांग में जबरदस्त उछाल आया। वर्तमान में यह ब्रांड पारंपरिक ऑफलाइन माध्यमों के साथ-साथ प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स जैसे Jio Mart, Amazon, Blinkit और Big Basket पर भी उपलब्ध है। ग्राहक इसकी आधिकारिक वेबसाइट houseofhimalayas.com के जरिए भी घर बैठे पहाड़ के शुद्ध उत्पाद मंगवा रहे हैं। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उत्पादों की जांच तीन अलग-अलग स्तरों पर की जाती है।सरकार अब सरकारी कार्यालयों और मेलों के माध्यम से भी इसकी बिक्री को और अधिक विस्तारित करने की रणनीति पर काम कर रही है।

इस ब्रांड के तहत वर्तमान में कुल 50 प्रीमियम उत्पादों को शामिल किया गया है। इनमें चकराता, मुन्स्यारी और हर्षिल की प्रसिद्ध राजमा, मिलेट्स बिस्किट, चौलाई, तुवर दाल, पहाड़ का पारंपरिक लाल चावल, झंगोरा, गहथ और काला भट्ट जैसे पौष्टिक उत्पाद शामिल हैं। इसके अलावा पर्सनल केयर, चाय, तेल और बेहतरीन हस्तशिल्प के उत्पाद भी ग्राहकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। दीपावली जैसे त्योहारों के अवसर पर विशेष गिफ्ट पैक पेश किए गए थे, जिन्हें काफी सराहना मिली।

‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ केवल एक ब्रांड नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण का एक सशक्त माध्यम बन गया है। वर्तमान में इससे 3,300 से अधिक ग्रामीण महिलाएं सीधे तौर पर जुड़ी हुई हैं, जबकि क्रय नेटवर्क के जरिए लगभग 28,000 महिलाओं को इसका अप्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। ब्रांड ने अब तक 22 ट्रेडमार्क पंजीकृत किए हैं और प्रमुख शहरों में इसके 26 आउटलेट्स संचालित हैं, जिनमें जॉलीग्रांट एयरपोर्ट का एक्सक्लूसिव स्टोर भी शामिल है। अब सरकार Amazon Global और Walmart जैसी अंतरराष्ट्रीय दिग्गज कंपनियों के साथ साझेदारी की कोशिश कर रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ब्रांड की इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ का उद्देश्य उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाकर हिमालयी उत्पादों को ग्लोबल प्रीमियम मार्केट में स्थापित करना है। उन्होंने बताया कि इस पहल से प्रदेश के किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। चार धाम यात्रा मार्ग पर भी 10 विशेष यूनिट्स लगाई गई हैं ताकि तीर्थयात्री आसानी से ये उत्पाद खरीद सकें। भविष्य में Reliance Freshpik और Flipkart जैसी अन्य बड़ी श्रृंखलाओं के साथ भी अनुबंध की प्रक्रिया जारी है।

उत्तराखंड के श्रमिकों के लिए डिजिटल कौशल विकास की नई शुरुआत, सीएम धामी ने लॉन्च किया पोर्टल
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.