/ Feb 13, 2026
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
HALDWANI DOUBLE MURDER: उत्तराखंड के हल्द्वानी में नवीन मंडी (गल्ला मंडी) परिसर के भीतर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां लिव-इन में रह रहे एक युवक और युवती की सीमेंट के भारी ब्लॉक से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतकों की पहचान अल्मोड़ा निवासी शुभम कुमार टम्टा और नैनीताल जिले की रहने वाली लक्ष्मी पोखरिया के रूप में हुई है। दोनों शहर में एक साथ किराये के कमरे में रह रहे थे।

घटनाक्रम के अनुसार, बुधवार रात करीब 8 बजे शुभम और लक्ष्मी अपने चार दोस्तों के साथ मंडी परिसर स्थित एक गोदाम की छत पर शराब पार्टी करने गए थे। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि करीब चार घंटे तक चली इस पार्टी के दौरान आधी रात को नशे की हालत में दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी दीपू और शुभम के बीच पुरानी रंजिश थी, क्योंकि शुभम ने पूर्व में दीपू के पिता पर कोई अभद्र टिप्पणी की थी। बहस के दौरान जब शुभम और लक्ष्मी वहां से जाने लगे, तभी लक्ष्मी सीढ़ियों पर फिसल गई, जिसे उठाने के दौरान विवाद और अधिक बढ़ गया।

इसके बाद शुभम ने अक्कू ठाकुर पर कथित तौर पर शराब थूक दी, जिससे मामला हिंसक हो गया। लक्ष्मी ने शुभम को बचाने की कोशिश की और उनके पैरों में गिरकर उन्हें छोड़ने की विनती की, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक न सुनी। आरोपियों ने पहचान छिपाने और चश्मदीद गवाह को खत्म करने के इरादे से दोनों को मौत के घाट उतार दिया। करीब 25 किलो वजनी सीमेंट के ब्लॉक से दोनों के सिर और चेहरों को बुरी तरह कुचल दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार शुभम पर करीब दस और लक्ष्मी पर छह बार प्रहार किए गए, जिससे उनके दिमाग की नसें बुरी तरह प्रभावित हुईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे जब व्यापारी मंडी पहुंचे, तो उन्होंने परिसर में दोनों के शव पड़े देखे, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसएसपी मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से ई-सिगार, आपत्तिजनक सामान और खून से सने दो सीमेंट के ब्लॉक बरामद किए गए। आरोपी घटना के बाद शुभम और लक्ष्मी के मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे, जो उनकी गिरफ्तारी का मुख्य आधार बने। पुलिस ने गोरापड़ाव क्षेत्र से चार आरोपियों गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर, सौरभ भट्ट, दीपू शर्मा और दीपेश लटवाल को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी अक्कू ठाकुर पर पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मृतक लक्ष्मी मात्र 19 वर्ष की थी और हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की मेधावी छात्रा थी। उसने 10वीं में 90% और 12वीं में 88% अंक हासिल किए थे और अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए एक सर्जिकल स्टोर में पार्ट-टाइम नौकरी भी करती थी। उसके पिता एक ज्योतिषी और पुरोहित हैं। वहीं 31 वर्षीय शुभम एक संपन्न परिवार से था, जिसके पिता डाकघर में कार्यरत थे और मां पूर्व ग्राम प्रधान रह चुकी थीं। हालांकि, शुभम लंबे समय से नशे की लत से जूझ रहा था और तीन साल तक नशामुक्ति केंद्र में रहने के बाद वहां सुपरवाइजर के रूप में भी काम कर चुका था।

हल्द्वानी: नवीन मंडी में डबल मर्डर से सनसनी, पत्थर से कुचलकर युवक-युवती की हत्या
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.