Homeआम मुद्देआज से पूरे देश में नौतपा, हीटवेव होगी चरम पर, भीषण गर्मी...

आज से पूरे देश में नौतपा, हीटवेव होगी चरम पर, भीषण गर्मी की आशंका

HEATWAVE INDIA: भारत में अब गर्मी ने अपने तेवर पूरी तरह दिखाने शुरू कर दिए हैं। देशभर के मौसम में इस समय बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य जहां भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे हैं, वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मानसून से पहले होने वाली मौसम गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं।

इसी बीच आज से नौतपा भी शुरू हो चुका है। यानी आने वाले नौ दिनों तक लोगों को और ज्यादा तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान कई राज्यों में हीटवेव और तापमान में भारी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। अनुमान है कि देश के कई हिस्सों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार बना रह सकता है, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ेंगी।

HEATWAVE INDIA:रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से हाल बेहाल

अगर मौजूदा हालात की बात करें तो पिछले कुछ दिनों से देश के कई शहरों और जिलों में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी (HEATWAVE INDIA) दर्ज की जा रही है।

  • महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके का ब्रह्मपुरी लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया। यहां अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य तापमान से करीब 4.6 डिग्री ज्यादा बताया गया है।
  • उत्तर प्रदेश में भी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। बांदा जिला 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म इलाका बना रहा। इसके अलावा प्रयागराज और उरई में 45.6 डिग्री सेल्सियस, झांसी में 45.6 डिग्री, आगरा में 45.4 डिग्री और हमीरपुर में 45.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
  • मध्य प्रदेश के नौगांव और खजुराहो में भी अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 29 मई के बाद उत्तर और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है और कहीं-कहीं बारिश की संभावना भी बन रही है।

स्वास्थ्य पर इसका गहरा असर पडे़गा

नौतपा के दिनों में स्वास्थ्य पर भी इसका गहरा असर पड़ता है। डॉक्टरों का कहना है कि इन नौ दिनों में गर्मी और लू (HEATWAVE INDIA) का असर शरीर के दिल और दिमाग तक पर पड़ सकता है। ऐसे में रोजमर्रा की आदतों और खानपान में थोड़ा बदलाव करना जरूरी हो जाता है ताकि गर्मी से होने वाली बीमारियों का खतरा कम किया जा सके।

HEATWAVE INDIA
HEATWAVE INDIA

गर्मियों में तेज तापमान की वजह से हवा में नमी काफी कम हो जाती है और वातावरण बेहद सूखा महसूस होने लगता है। ऐसी रूखी हवा सांस के जरिए नाक के अंदर पहुंचती है, जिससे नाक की म्यूकस लेयर में जलन होने लगती है।

कई बार इसके कारण नाक के अंदर की संवेदनशील नसें फट जाती हैं और अचानक नाक से खून आने लगता है। इसे नोज ब्लीडिंग कहा जाता है। डॉक्टरों के मुताबिक गर्मियों में यह समस्या तेजी से बढ़ती है, इसलिए तेज धूप और ज्यादा गर्म वातावरण से बचने की सलाह दी जाती है। साथ ही शरीर और नाक में नमी बनाए रखना भी बेहद जरूरी माना गया है।

विस्तृत मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने 26 और 27 मई के लिए अलग-अलग राज्यों का विस्तृत मौसम पूर्वानुमान भी जारी किया है।

26 मई 

हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में तेज लू (HEATWAVE INDIA) चलने की संभावना जताई गई है। दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लोगों को उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है।

वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान है, जबकि आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल में तूफान और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

27 मई

छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब और महाराष्ट्र में हीटवेव (HEATWAVE INDIA) का असर जारी रहने की संभावना है। दूसरी ओर बिहार, केरल, असम और मेघालय में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और तेलंगाना में भी बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग के अनुसार मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में अगले सात दिनों तक लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं पूर्वी और तटीय प्रायद्वीपीय भारत में अगले तीन से पांच दिनों तक गर्मी का असर जारी रहने की संभावना है।

दिल्ली और एनसीआर में लू का यलो अलर्ट

दिल्ली और एनसीआर में मौसम विभाग ने 27 मई तक लू का यलो अलर्ट जारी किया है। यानी फिलहाल राजधानी में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद बहुत कम है। उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में 28 मई तक तापमान में कोई खास गिरावट आने के संकेत नहीं हैं।

पंजाब में 26 मई तक तापमान 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ (HEATWAVE INDIA) सकता है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 से 29 मई तक लू चलने का साफ अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में अगले चार दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और पश्चिमी राजस्थान में 26 और 27 मई को तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मध्य प्रदेश में अगले तीन दिन भारी गर्मी पड़ने वाली है, जिसके चलते कई जिलों में रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र के अमरावती, वर्धा, चंद्रपुर और अकोला जैसे जिलों में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है।

HEATWAVE INDIA
HEATWAVE INDIA

कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी

हीटवेव के बीच मौसम विभाग ने दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और पूर्वोत्तर भारत में अगले चार से पांच दिनों तक तेज बारिश, बिजली चमकने और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी भी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है। अरुणाचल प्रदेश में 25 और 26 मई को कई जगह भारी बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत के केरल और लक्षद्वीप में 25 से 28 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और यनम में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

पूर्वी भारत में 27 से 29 मई के दौरान पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र, बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में भी 28 से 30 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा विदर्भ क्षेत्र में 26 से 28 मई के दौरान बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

HARIDWAR VAISAKHI SNAN 2026 देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

WhatsApp Group
Join Now
DevbhoomiNews Desk
DevbhoomiNews Desk
Abhishek Semwal is Postgraduate in Mass Communication with over three years of experience across digital and print media. Covering a wide range of subjects, with a strong focus on local and regional issues, delivering clear, insightful and engaging content.
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular