/ Mar 26, 2026
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
IPL 2026 के शुरू होने से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। राणा टी-20 वर्ल्ड कप के प्रैक्टिस मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ चोटिल हुए थे और इससे पहले भी वे चोट की वजह से टी-20 वर्ल्ड कप नहीं खेल पाए थे। टीम मैनेजमेंट ने विकल्पों पर विचार करने के बाद तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को टीम में शामिल करने का फैसला किया है। इससे पहले KKR आकाश दीप की जगह सौरभ दुबे को भी अपनी टीम में जोड़ चुका है। कोलकाता नाइट राइडर्स अपना पहला मैच 29 मई को वानखेड़े में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी।
नवदीप सैनी ने अपने IPL करियर की शुरुआत 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ की थी। पहले ही सीजन में उन्होंने 13 मैचों में 11 विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की थी। इसके बाद वे दो सीजन RCB के साथ रहे और फिर राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले। IPL करियर में अब तक सैनी 23 विकेट ले चुके हैं। वे भारत के लिए टेस्ट, वनडे और टी-20 तीनों फॉर्मेट में खेल चुके हैं।
KKR के अलावा गुजरात टाइटंस ने भी अपनी टीम में फेरबदल किया है। GT ने पृथ्वीराज यारा की जगह कुलवंत खेजरोलिया को टीम में शामिल किया है। खेजरोलिया ने अपना IPL डेब्यू RCB से किया था और बाद में KKR व GT के लिए भी खेल चुके हैं। गुजरात टाइटंस 31 मार्च को मुल्लांपुर में पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे हैं, जहां वे स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग पर काम कर रहे हैं। बुमराह मुंबई इंडियंस के पहले मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। हाल ही में उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े में अपना अभ्यास भी शुरू कर दिया है।

IPL 2026 शुरू होने से पहले BCCI ने मुंबई में सभी 10 टीमों के कप्तानों के साथ बैठक की। इस बैठक में इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट नियम और आचार संहिता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकांश कप्तानों ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। यह नियम 2023 में लागू किया गया था और BCCI पहले ही इसे 2027 तक बढ़ा चुका है। एक सूत्र के अनुसार कप्तानों को बताया गया कि इस नियम की समीक्षा केवल IPL 2027 के बाद ही की जा सकती है, उससे पहले नहीं।
बैठक में गेंद बदलने के नियम पर भी चर्चा हुई। BCCI ने पिछले सत्र में ओस से निपटने के लिए दूसरी पारी के 10वें ओवर के बाद गेंद बदलने की अनुमति दी थी। एक कप्तान ने प्रस्ताव रखा कि यह सुविधा पहली पारी के 10वें ओवर के बाद भी मिलनी चाहिए, लेकिन इस प्रस्ताव को अधिक समर्थन नहीं मिला। सूत्र ने बताया कि दूसरी पारी में ओस अधिक पड़ती है, इसलिए मौजूदा नियम ही लागू रहेगा।
कप्तानों ने अभ्यास से जुड़े दिशानिर्देशों पर भी जानकारी ली। BCCI के अनुसार मैच के दिनों में किसी भी प्रकार के अभ्यास की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा यदि कोई टीम अपना अभ्यास जल्दी समाप्त कर लेती है, तो दूसरी टीम को उस विकेट पर अभ्यास की अनुमति नहीं दी जाएगी। बैठक में सभी कप्तान भारतीय थे क्योंकि सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस की अनुपस्थिति में ईशान किशन टीम की कप्तानी कर रहे हैं।

IPL 2026 के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होगी। पहले चरण में कुल 20 मैच 10 अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे, जिनमें बेंगलुरु, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद शामिल हैं। इस चरण में चार डबल-हेडर भी होंगे जिनमें दोपहर का मैच 3:30 बजे और शाम का मैच 7:30 बजे शुरू होगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के 5 घरेलू मैच बेंगलुरु में और 2 मैच रायपुर में होंगे। पंजाब किंग्स के 4 मैच न्यू चंडीगढ़ में और 3 मैच धर्मशाला में खेले जाएंगे। राजस्थान रॉयल्स के 3 मैच गुवाहाटी में और 4 मैच जयपुर में आयोजित होंगे।
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.