/ Mar 05, 2026
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
CHAMOLI FOREST FIRE: उत्तराखंड के चमोली जिले में वनाग्नि की एक गंभीर घटना सामने आई है। बदरीनाथ वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाली मध्य पिंडर रेंज के जंगलों में लगी भीषण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। चेपड़ों और सौगांव के जंगलों से शुरू हुई यह आग अब खाड़ीबगड़, जूनिधार और गोठिंडा के विस्तृत वन क्षेत्रों तक फैल गई है। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें कई फीट की ऊंचाई तक उठ रही हैं, जिससे बेशकीमती वन संपदा को भारी नुकसान पहुँच रहा है।
आग के तेजी से फैलने के कारण चेपड़ों गांव की गौशालाओं के लिए सीधा खतरा पैदा हो गया है। आग की लपटें ढलान से ऊपर की ओर बढ़ते हुए जूनिधार गांव की सीमाओं तक पहुँच गई हैं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी भय व्याप्त है। घने चीड़ के जंगलों और उनमें मौजूद लीसे (राल) के कारण आग बुझाना अत्यंत चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। खड़ी चट्टानों और दुर्गम भूगोल की वजह से वन विभाग की टीमें भी बेबस नजर आ रही हैं। आग के कारण पूरे क्षेत्र में धुंध छा गई है, जिससे स्थानीय निवासियों को आंखों में जलन और सांस लेने में कठिनाई जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

जंगलों में लगी इस आग का सीधा असर यातायात पर भी पड़ा है। जलते हुए पेड़ और पहाड़ियों से टूटकर गिरते पत्थर सीधे स्टेट हाईवे थराली-देवाल मोटर मार्ग पर आ रहे हैं। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर संकट पैदा हो गया है। वन विभाग ने इस मार्ग पर आवाजाही करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। रात के समय चट्टानों से गिरते पत्थरों और जलते मलबे के कारण बचाव कार्यों में भारी बाधा उत्पन्न हो रही है।
वन विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन विकट भौगोलिक परिस्थितियों और रात के अंधेरे के कारण सफलता सीमित मिल रही है। इस आग ने न केवल बहुमूल्य वनस्पतियों को नष्ट किया है, बल्कि जंगलों में रहने वाले छोटे-बड़े वन्यजीवों के अस्तित्व पर भी संकट खड़ा कर दिया है। आग लगने के सटीक कारणों की पड़ताल की जा रही है और विभाग उन शरारती तत्वों की पहचान करने में जुटा है जिन्होंने संभवतः जंगल में आग लगाई है।(CHAMOLI FOREST FIRE)
ये भी पढ़िए-
UTTARAKHAND ECONOMIC SURVEY 2025-26: जीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय में हुई बढ़ोत्तरी
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.