/ Feb 17, 2026
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
MOHALI BOMB THREAT: पंजाब के मोहाली में फोर्टिस अस्पताल और शहर के कुछ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई है, जिसमें दोपहर 1:11 बजे ब्लास्ट करने की बात कही गई थी। बता दें कि सीएम भगवंत मान इस अस्पताल में भर्ती हैं, धमकी भरे मेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर बेहद आपत्तिजनक और डराने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इस सूचना के बाद पंजाब पुलिस और तमाम खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गई हैं।

मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार रात से रूटीन चेकअप और थकान की वजह से भर्ती हैं। ‘हंटर फार्ले’ नामक आईडी से भेजे गए इस ई-मेल में लिखा गया है कि मुख्यमंत्री को ‘पोलोनियम’ (एक दुर्लभ और विषैला रेडियोएक्टिव पदार्थ) से संक्रमित किया गया है। मेल में दावा किया गया है कि फोर्टिस अस्पताल से मुख्यमंत्री की लाश ही निकलेगी और यदि वे बच गए, तो उनका हाल पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह जैसा किया जाएगा।

धमकी में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का नाम लिखा गया है और कहा गया है कि यह खालिस्तान रेफरेंडम से जुड़े लोगों को गैंगस्टर बताकर उनके एनकाउंटर करने का बदला है। ई-मेल में इंजीनियर गुरनाख सिंह और डॉ. गुरनिरवीर सिंह जैसे नामों का भी जिक्र किया गया है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल परिसर में 5 बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) तैनात किए गए हैं और डॉग स्क्वायड की मदद से चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है।

बम की इस धमकी ने मोहाली के ज्ञान ज्योति स्कूल सहित करीब 16 निजी स्कूलों में हड़कंप मचा दिया। जैसे ही स्कूल प्रशासन को ई-मेल की जानकारी मिली, तुरंत सभी बच्चों की छुट्टी कर दी गई और अभिभावकों को उन्हें वापस ले जाने के लिए सूचित किया गया। प्रशासन के लिए यह स्थिति इसलिए भी चुनौतीपूर्ण बन गई क्योंकि आज यानी 17 फरवरी से ही सीबीएसई (CBSE) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हुई हैं। आज 10वीं कक्षा का गणित का पेपर था, जो सुबह 10:30 बजे से शुरू होना था।

धमकी के समय और परीक्षा के समय में टकराव होने के कारण छात्र और अभिभावक भारी तनाव में नजर आए। जिन स्कूलों में परीक्षा केंद्र बने हैं, वहां पुलिस को कम समय में गहन जांच कर सुरक्षित तरीके से परीक्षा संपन्न करानी पड़ रही है। पिछले सप्ताह बुधवार को भी मोहाली के कई स्कूलों को इसी तरह की धमकी मिली थी, जो बाद में फर्जी (होक्स) निकली थी। हालांकि, इस बार मुख्यमंत्री का नाम जुड़े होने के कारण एजेंसियां मामले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं।(MOHALI BOMB THREAT)

पंजाब पुलिस और साइबर सेल की टीमें ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। अभी तक की जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि यह मेल कहां से और किसने भेजा है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी है। फोर्टिस अस्पताल के आसपास का इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया है। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहें। पुलिस का कहना है कि वे ई-मेल में किए गए दावों की सच्चाई और इसके पीछे के असली चेहरों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों का सहारा ले रहे हैं।

सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं शुरू, देशभर में 43 लाख से अधिक छात्र दे रहे हैं परीक्षा
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.