UTTARAKHAND STF ने राजधानी देहरादून में सरकारी नौकरियों की परीक्षा में सेंध लगाने वाले एक बेहद शातिर और हाईटेक नकल गैंग का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ की टीम ने कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा आयोजित मल्टी-टास्किंग स्टाफ (SSC MTS) भर्ती परीक्षा में कंप्यूटर हैकिंग के जरिए नकल कराने वाले गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश एसटीएफ की संयुक्त टीम ने देहरादून के महादेव डिजिटल जोन में छापेमारी कर इस पूरे गिरोह की साजिश को नाकाम कर दिया।

UTTARAKHAND STF ने ढूंढा अंडरग्राउंड चेंबर
जांच में पता चला है कि यह गिरोह तकनीक का सहारा लेकर बेहद चालाकी से नकल करवा रहा था। परीक्षा केंद्र की लैब के पास स्थित यूपीएस रूम में अपराधियों ने 24×24 इंच का एक अंडरग्राउंड चेंबर बना रखा था, जिसे ऊपर से ढक्कन लगाकर सेफ्टी टैंक जैसा रूप दिया गया था। इस गुप्त चेंबर के भीतर दो लैपटॉप और एक इंटरनेट राउटर छिपाकर रखे गए थे। गिरोह ने रिमोट एक्सेस तकनीक और ‘रियल वीएनसी’ जैसे एप्लिकेशंस का इस्तेमाल कर कंप्यूटरों को बाहर से कंट्रोल करने और प्रश्नपत्र हल करने की पूरी व्यवस्था कर रखी थी। पुलिस ने मौके से प्लास्टर उखाड़कर डेडिकेटेड लीज लाइन और फर्जी सर्वर सेटअप भी बरामद किया है।

10 लाख रुपये में होता था SSC MTS पास कराने का सौदा
UTTARAKHAND STF की पूछताछ में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह बेरोजगार युवाओं की मजबूरी का फायदा उठाता था। अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी में पास कराने का लालच देकर उनसे प्रति व्यक्ति 10 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम मांगी जाती थी। एसटीएफ ने महादेव डिजिटल जोन स्थित SSC MTS परीक्षा केंद्र को सील कर दिया है और वहां से सभी संदिग्ध उपकरण अपने कब्जे में ले लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली देहरादून में ‘भर्ती परीक्षाओं में अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम-2023’, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
दो आरोपी गिरफ्तार और सामान बरामद
UTTARAKHAND STF ने इस मामले में दो लोगों को रंगे हाथों पकड़ा है। इनमें पहला आरोपी नीतीश कुमार है, जो उत्तर प्रदेश के देवरिया का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के नागलोई में रह रहा था। दूसरा आरोपी भास्कर नैथानी है, जो देहरादून के नथुवावाला का निवासी है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 लैपटॉप, 1 राउटर, 4 मोबाइल फोन, ईथरनेट केबल और यूएसबी एडेप्टर सहित कई हाईटेक उपकरण बरामद किए हैं। एसटीएफ अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है।

उत्तराखंड की सियासत में ‘छुट्टी’ पर छिड़ी बहस, गणेश गोदियाल ने कसा मुख्यमंत्री पर तंज
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

