सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से आज उपनल कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने उनके कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पदाधिकारियों ने 10 वर्ष की निरंतर सेवा पूर्ण करने वाले उपनल कर्मियों को समान कार्य–समान वेतन का लाभ दिए जाने के निर्णय पर उनका आभार व्यक्त किया। मुलाकात के दौरान
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मिठाई खिलाकर महासंघ के पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उपनल कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के लगातार प्रयासों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के चलते राज्य सरकार ने कैबिनेट बैठक में उपनल कर्मियों के हित में यह ऐतिहासिक फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय लंबे समय से उपनल कर्मियों की प्रमुख मांग रही है और इससे हजारों कर्मचारियों को राहत मिलेगी।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट के सभी सहयोगी मंत्रियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार उनके कल्याण के लिए काम कर रही है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह लाभ चरणबद्ध तरीके से दिया जाएगा और पहले चरण में उन उपनल कर्मियों को इसका फायदा मिलेगा, जिन्होंने 10 वर्ष की निरंतर सेवा पूरी कर ली है।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में समान पद–समान वेतन का लाभ अन्य पात्र उपनल कर्मियों को भी चरणबद्ध रूप से दिया जाएगा। सैनिक कल्याण मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी उनके हित में जरूरी फैसले लिए जाते रहेंगे।

