HARELA FESTIVAL 2025: उत्तराखंड की प्रकृति और संस्कृति से जुड़े लोकपर्व हरेला के अवसर पर आज राज्यभर में पर्यावरण जागरूकता का एक सशक्त संदेश दिया गया। देहरादून के गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित राज्यव्यापी पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्राक्ष का पौधा रोपकर इस अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम की थीम “हरेला का त्योहार मनाओ, धरती माँ का ऋण चुकाओ” रही, जिसके तहत प्रदेशभर में एक दिन में लगभग 5 लाख पौधे रोपे जाने का लक्ष्य तय किया गया है।
HARELA FESTIVAL 2025
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की चेतना, संस्कृति और पर्यावरण प्रेम का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर चलने की प्रेरणा देता है और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस अभियान में वन विभाग के प्रत्येक डिवीजन में 50 प्रतिशत फलदार पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस महाअभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए स्वयंसेवी संगठनों, महिला समूहों, छात्र-छात्राओं और पंचायतों का सक्रिय सहयोग लिया जा रहा है।
HARELA FESTIVAL 2025
HARELA FESTIVAL 2025: राज्य में स्प्रिंग एंड रिवर रिजुविनेशन अथॉरिटी (SARRA) का गठन
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सरकार के प्रयासों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में स्प्रिंग एंड रिवर रिजुविनेशन अथॉरिटी (SARRA) का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से अब तक 6,500 से अधिक जल स्रोतों का संरक्षण और 3.12 मिलियन घन मीटर वर्षा जल का संचयन किया गया है। साथ ही, राज्य में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है और सभी वाहनों में कूड़ेदान अनिवार्य कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे अपने जीवन के विशेष अवसरों — जैसे जन्मदिन, विवाह, विवाह वर्षगांठ या किसी और यादगार दिन — पर एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करें।
HARELA FESTIVAL 2025
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर, खजान दास, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख वन संरक्षक समीर सिन्हा सहित वन विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Abhishek Semwal is Postgraduate in Mass Communication with over three years of experience across digital and print media. Covering a wide range of subjects, with a strong focus on local and regional issues, delivering clear, insightful and engaging content.