CHARDHAM YATRA 2025 इस बार यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल सकती है। 30 अप्रैल से शुरू होने वाली यात्रा में बसों और टैक्सियों के किराए में 10 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की संभावना है। चारधाम यात्रा में वाहनों का संचालन करने वाली संयुक्त रोटेशन समिति ने डीजल, बीमा राशि और अन्य खर्चों में वृद्धि का हवाला देते हुए सरकार से किराया बढ़ाने की मांग रखी है। सरकार ने जुलाई 2022 में अंतिम बार बसों, टैक्सियों और मैक्सी कैब के किराए तय किए थे।

CHARDHAM YATRA 2025 के लिए बढ़ सकता है किराया
संयुक्त रोटेशन समिति पिछले साल भी 10 प्रतिशत किराया बढ़ाने की मांग कर रही थी, लेकिन लोकसभा चुनाव को देखते हुए सरकार ने तब इसे खारिज कर दिया था। इस बार ट्रांसपोर्टर्स अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। टैक्सियों का किराया उनकी श्रेणी के आधार पर तय किया जाता है। आठ लाख रुपये तक की कीमत वाली टैक्सी को साधारण, आठ से 15 लाख रुपये तक की टैक्सी को डीलक्स, 15 से 25 लाख रुपये तक की टैक्सी को लग्जरी और 25 लाख रुपये से अधिक कीमत की टैक्सी को सुपर लग्जरी श्रेणी में रखा गया है। इसके अनुसार ही उनके किराए और प्रतीक्षा शुल्क तय किए जाते हैं।

केदारनाथ हेली सेवा हो सकती है महंगी
चारधाम यात्रा के लिए इस बार केदारनाथ हेली सेवा का किराया भी बढ़ने वाला है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने हेली सेवा के लिए नौ एविएशन कंपनियों के साथ तीन साल का अनुबंध किया है और इसी आधार पर किराए में पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। हेली टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर ऑनलाइन होगी। गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलिपैड से केदारनाथ के लिए हेली सेवाएं संचालित की जाएंगी। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी पवन हंस, हिमालयन हेली, ट्रांस भारत, ग्लोबल विक्ट्रा, थंबी एविएशन, केस्ट्रल एविएशन और एयरो एयरक्राफ्ट कंपनियां सेवा देंगी।

पांच मार्च को शासन स्तर पर होने वाली बैठक में होगा अंतिम फैसला
30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा शुरू होगी। दो मई को केदारनाथ और चार मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। इस बार यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहने की संभावना है। पांच मार्च को शासन स्तर पर होने वाली बैठक में किराया वृद्धि पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। अगर बसों, टैक्सियों और हेली सेवा के किराए में वृद्धि होती है, तो चारधाम यात्रा महंगी हो जाएगी, जिससे लाखों श्रद्धालुओं को अधिक खर्च करना पड़ेगा।

चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज, 30 अप्रैल से होगी यात्रा की शुरुआत
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

