NATIONAL GAMES MATCH FIXING: 38वें राष्ट्रीय खेलों की ताइक्वांडो स्पर्धा में फिक्सिंग के गंभीर आरोप सामने आने के बाद डायरेक्टर ऑफ कंपटीशन (डीओसी) टी प्रवीण कुमार को उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह एस दिनेश कुमार को नया डीओसी नियुक्त किया गया है। गेम्स टेक्निकल कंडक्ट कमेटी (जीटीसीसी) ने यह निर्णय प्रिवेंशन ऑफ मैनिपुलेशन ऑफ कंपटीशन (पीएमसी) समिति की सिफारिशों के बाद लिया। जांच के लिए गठित समिति में उत्तराखंड सरकार के प्रमुख सचिव आईएएस आरके सुधांशु, सेवानिवृत्त आईपीएस बीके सिन्हा और जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दुष्यंत शर्मा शामिल थे।

NATIONAL GAMES MATCH FIXING: ताइक्वांडो प्रतियोगिता के डीओसी बदले गए
शिकायतों की जांच के बाद खुलासा हुआ कि ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा नामित कुछ अधिकारियों ने 16 में से 10 भार वर्गों में मुकाबलों के नतीजे पहले ही तय कर लिए थे। आरोपों के मुताबिक, स्वर्ण पदक के लिए तीन लाख रुपये, रजत पदक के लिए दो लाख रुपये और कांस्य पदक के लिए एक लाख रुपये तक की रकम ली जा रही थी। इस गड़बड़ी की जानकारी मिलने के बाद जीटीसीसी ने तुरंत मामले की जांच कराई और संबंधित अधिकारी को हटाने का फैसला लिया। समिति ने अपनी रिपोर्ट में साफ तौर पर बताया कि खेलों की निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने होंगे।



