नई दिल्ली, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश में आज तीसरे चरण का मतदान चल रहा है। इस दौरान कई जगह भाजपा और सपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ते देखे जा रहे हैं। मतदान के दौरान एक-एक वोट को लेकर दोनों पार्टी के कार्यकर्ता सजग देखे जा रहे हैं। दो जगह से अभी तक सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं में आपसी संघर्ष की सूचनाएं मिली हैं।
जानकारी के अनुसार यूपी के झांसी की बबीना विधानसभा के सिमथरी गांव में सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हो गई। जानकारी के अनुसार विवाद एक महिला के वोट को लेकर हुआ। बताया जा रहा है कि उसका आईडी कार्ड मायके पक्ष के पास था। इसी पर भाजपा और सपा के कार्यकर्ताओं में लाठी-डंडे चले। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा महाराजपुर के यशोदा नगर स्थित पोलिंग बूथ पर भी भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। कानपुर के महाराजपुर में सपा और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। सपा ने आरोप लगाया वोटिंग लिस्ट, पर्चियां छीनकर बीजेपी कार्यकर्ता भाग गए। सपा कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज करने की मांग की। इसके बाद पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण का मतदान आज जारी है। 16 जिलों की 59 सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 49 प्रतिशत के करीब वोटिंग हो चुकी है। शुरुआती घंटों में वोटर्स का जोश हाई रहा। बुजुर्ग और दिव्यांग भी अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल करने पहुंचे। दुल्हनें भी बूथ पर दिखीं, जो विदा होने से पहले वोट डालने आईं। कई बुजुर्ग लोगों को भी सहारा देकर लोग मतदान स्थल तक लेकर आए। कई जगह आपसी झड़प और खूनी संघर्ष भी देखा गया।
दोपहर 3 बजे तक मतदान का प्रतिशत
मैनपुरी- 52.44
फर्रुखाबाद- 46.19
कन्नौज- 50.23
इटावा- 50.42
औरैया- 48.30
कानपुर देहात- 47.13
कानपुर नगर- 41.15
जालौन- 46.87
झांसी- 48.52
ललितपुर- 59.13
हमीरपुर- 50.74
महोबा- 51.72
हाथरस- 50.15
फिरोजाबाद- 51.23
कासगंज- 50.75
एटा- 53.23