रुद्रप्रयाग विस से कांग्रेस ने युवा प्रदीप पर खेला इस बार दांव

0
253

वर्ष 2017 में कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ थपलियाल ने लड़ा था चुनाव


इस बार कांग्रेस ने प्रदीप पर जताया भरोसा, टिकट मिलने के बाद समर्थकों में खुशी की लहर


रुद्रप्रयाग (नरेश भट्ट): रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने जखोली ब्लाॅक प्रमुख प्रदीप थपलियाल पर भरोसा जताया है। थपलियाल ने 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से बगावत करके प्रत्याशी के विरूद्ध चुनाव लड़ा था, जिस कारण कांग्रेस में फूट पड़ गई और प्रत्याशी को हार का मुंह देखना पड़ा। चुनाव हारने के बाद पुनः थपलियाल कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गये, जिसका फायदा उन्हें इस बार मिला है। कांग्रेस ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा, मातबर सिंह कंडारी, अंकुर रौथाण सहित अन्य दावेदारों को किनारे कर बागी चुनाव लड़े प्रदीप थपलियाल पर दांव खेला है। उन्हें टिकट मिलने के बाद उनके समर्थकों में खुशी बनी हुई है।

Screenshot 20220123 190322


बता दें कि प्रदीप थपलियाल विकासखण्ड जखोली के निवासी हैं और जिला पंचायत उपाध्यक्ष और कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष पदों पर रहने के साथ-साथ वर्तमान में जखोली ब्लाॅक की 108 ग्राम पंचायतों का प्रतिनिधित्व करते हुए जखोली ब्लाॅक के क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद पर हैं। इन्हें पंचायतों में उत्कृष्ट कार्य करने पर भारत सरकार की ओर से देश का सर्वश्रेष्ठ पंचायत पुरस्कार पण्डित दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार 2020 भी दिया गया है। प्रदीप थपलियाल छात्र राजनीति से लेकर जिला पंचायत रुद्रप्रयाग व क्षेत्र पंचायत जखोली की पंचायती राजनीति से लेकर कांग्रेस संगठन में जिलाध्यक्ष पद पर रह चुके हैं। टिकट मिलने के बाद उनके समर्थकों में खासा उत्साह बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो भरोसा उन पर जताया है, उस पर खरात उतरने का पूरा प्रयास किया जायेगा। जिला संगठन को साथ लेकर चुनाव लड़ा जायेगा। कहा कि भाजपा को जड़ से उखाड़ फेंकने का जनता मन बना चुकी है और इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आ रही है। रुद्रप्रयाग विधानसभा में भाजपा के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश है।