देहरादून, ब्यूरो। उत्तराखंड में नए मुखिया और मंत्रिमंडल को अंतिम रूप देने केंद्रीय मंत्री और पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह थोड़ी देर पहले जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में वह उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री का ऐलान कर सकते हैं। भाजपा मुख्यालय बलबीर रोड में आज भाजपा विधायक मंडल दल की बैठक बुलाई गई है।
गौरतलब है कि आज उत्तराखंड नया मुखिया मिल सकता है। करीब पांच बजे से प्रदेश भाजपा मुख्यालय में इसके लिए मंथन शुरू हो जाएगा। हालांकि भाजपा हाईकमान ने पहले ही तय कर रखा है, लेकिन फिर भी पर्यवेक्षक अपने विधायकों और अन्य नेताओं की नब्ज जरूर टटोलेंगे। अब देखना होगा कि किसे नए मुखिया की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। चर्चाओं में तमाम सांसद, विधायक, पूर्व मुख्यमंत्री समेत कई भाजपा नेताओं के नाम शामिल हैं।