हिमालय पुत्र बहुगुणा की जयंती पर सीएम धामी ने उन्हें दी श्रद्धांजली

0
333
devbhoomi

देहरादून ब्यूरो- स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज घंटाघर स्थित उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया और उनको श्रद्धांजली दी। इस मौके पर स्वर्गीय बहुगुणा का पुत्र और पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और अन्य मंत्रीगण भी मौजूद रहे।

devbhoomi

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्व. हेमवती नन्दन बहुगुणा की जयंती  के अवसर पर उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. बहुगुणा कुशल प्रशासक, औजस्वी वक्ता और प्रखर राजनेता थे। उन्होंने अपनी विलक्षण बौद्धिक प्रतिभा के बल पर भारतीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनायी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा जी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा केन्द्र में मंत्री रहते हुए अनेक योजनाएं शुरू करवायी तथा प्रदेश हित के लिए कई कदम उठाये। वह पर्वतीय राज्यों के विकास के लिये सदैव तत्पर रहते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमवती नन्दन बहुगुणा जी हिमालय पुत्र थे और हिमालय जैसे उनके इरादे थे। उनके द्वारा किए गए कार्य हमें हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे।इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, मेयर सुनील उनियाल गामा मौजूद थे।

uttarakhand news

 

वहीं जिला मुख्यालय पौड़ी में अविभाजित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की 103वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम ने उनकी मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर उन्हें स्मरण किया। इस मौके पर उन्होंने स्व. बहुगुणा द्वारा पहाड़ के विकास को लेकर किए गए उनके प्रयासों को याद किया। बेनाम ने कहा कि स्वर्गीय बहुगुणा ने अविभाजित उत्तर प्रदेश में उत्तराखंड के विकास को लेकर पर्वतीय मंत्रालय की स्थापना की थी। जिससे कि पहाड़ के दूरस्थ और अविकसित क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। इस मौके पर बेनाम ने कहा कि पौड़ी शहर को चारधाम यात्रा रुट से जोड़ने के लिए हस्ताक्षर अभियान और जन जागरूकता रैली का आयोजन किया जाएगा। कहा कि आगामी 27 अप्रैल को कंडोलिया मंदिर में यज्ञ कर हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।