टैक्सी मालिक और होटल व्यवसायी की मौत के बाद शोक में डूबा धौलछीना, बाजार भी रखा बंद

0
297

अल्मोडा, ब्यूरो। एक दिन पहले टनकपुर और चकरपुर के बीच हाईवे किनारे जंगल में होटल मालिक और टैक्सी स्वामी का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। कल रात मृतक का शव घर पहुंचने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और दो छोटे बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। शोक में धौलछीना बाजार भी व्यापारियों ने आज बंद रखा। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए सैकड़ों लोग उमड़ पड़े। आज सुबह मृतक का जागेश्वर में अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के भाई और परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

आपको बता दें कि एक दिन पहले सोमवार को काचुला गांव निवासी देवेन्द्र सिंह बिष्ट का खटीमा चकरपुर बनबसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क से नीचे शव मिला था। जबकि उनकी इनोवा टैक्सी सड़क पर खड़ी थी। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर भी सौंपी है। परिजनों की रिपोर्ट पर हत्या का मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार मृतक के दो बच्चे हैं। वह अपनी इनोवा कार बुकिंग पर लेकर टनकपुर गया था। वह एक बार वहां से सवारी छोड़कर हल्द्वानी आ गया था। दोबारा बीते रविवार की दोपहर वह टनकपुर रवाना हुआ।

YOU MAY ALSO LIKE

रात पौने 9 बजे के बाद से उसका फोन बंद आने लगा। सोमवार को पुलिस ने मृतक के बड़े भाई पदम सिंह को घटना की जानकारी दी। वहीं, पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। परिजनों की तहरीर के बाद मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके अलावा धौलछीना व्यापार मंडल अध्यक्ष दरबान रावत, प्रशांत सिंह रावत, चंदन सिंह मेहरा, व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष प्रकाश वर्मा, संजय जीना, कोषाध्यक्ष प्रताप जीना, महेन्द्र सिंह मेहरा, केशर सिंह मेहरा, गोपाल मेहरा, विक्रम बोरा आदि ने शोक जता कर मामले की जांच की मांग की है ताकि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।