चंपावत में कांग्रेस की अदूरदर्शी नीति ! स्टार प्रचारकों में CM धामी को हराने वाले कापड़ी ही नहीं

0
333

स्टार प्रचारकों की लंबी चौड़ी फौज, अड़ोस-पड़ोस के एमएलए कापड़ी-अधिकारी को कोई तवज्जा नहीं

देहरादून, ब्यूरो। चंपावत उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपनी अपनी फिल्डिंग सजा दी है। भाजपा संगठन और सरकार जहां सीएम धामी के विधानसभा क्षेत्र में यह प्रचारित करते हुए नहीं थक रही है कि वह विधायक नहीं मुख्यमंत्री चुन रहे हैं वहीं कांग्रेस ने भी अपने 30 स्टार प्रचारकों की लंबी फौज मैदान में उतार दी है। आगामी 31 मई को चंपावत विधानसभा उपचुनाव की वोटिंग होनी है और अगले माह जून के प्रथम सप्ताह में परिणाम भी सामने आ जाएंगे। गौर करने वाली बात यह है कि कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की लंबी फौज जिसमें संगठन से लेकर एनएसयूआई, सेवा दल और राष्ट्रीय के साथ ही स्थानीय नेताओं को स्टार प्रचारकों को शामिल किया गया है वहीं चंपावत के बगल के विधायक खुशहाल सिंह अधिकारी जो करीब छह हजार वोटों से लोहाघाट से जीते हैं उन्हें स्टार प्रचारक नहीं बनाया गया है। इसके साथ ही खटीमा में धामी को करारी हार देने वाले युवा नेता और विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी को भी स्टार प्रचारक नहीं बनाया गया है। ऐसे में कहीं न कहीं कांग्रेस के नीति-नियंता और चुनावी रणनीति तैयार करने वाले रणनीतिकारों पर बड़ा सवाल खड़े कर रहा है। देखा जाए तो चंपावत सीट के दोनों ओर लोहाघाट और खटीमा विधानसभा सीटें हैं। इन दोनों ही स्थानीय नेताओं की जनता में अच्छी पकड़ और फैन फैलोविंग भी है, लेकिन उन्हें स्टार प्रचारक न बनाना कांग्रेस की अदूरदर्शी नीति ही कहा जाएगा।

congress 1

बता दें कि एक दिन पहले कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड, देहरादून पत्र जारी करते हुए बताया कि 55-चंपावत विधानसभा उपचुनाव 2022 के लिए उत्तराखण्ड में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची भेजी है। चंपावत विधानसभा उपचुनाव 2022 में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में राहुल गांधी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रियंका गांधी वाड्रा, राष्ट्रीय महासचिव, के०सी० वेणुगोपाल, राष्ट्रीय महासचिव, मुकुल वासनिक, राष्ट्रीय महासचिव, रणदीप सिंह सुरजेवाला, राष्ट्रीय महासचिव, देवेन्द्र यादव, प्रदेश प्रभारी, करन माहारा, प्रदेश अध्यक्ष, यशपाल आर्य, नेता प्रतिपक्ष, हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री, राजेश धर्माणी, सहप्रभारी, प्रदीप टम्टा, सांसद, सचिन पायलट, पूर्व उपमुख्यमंत्री राजस्थान, काजी निजामुद्दीन, सचिव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, गणेश गोदियाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, गोविन्द सिह कुंजवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व मंत्री, मयूख महर विधायक, महेन्द्र सिंह माहरा, पूर्व सांसद, तिलकराज बेहड, विधायक, आदेश चौहान, विधायक, गोपाल सिंह राणा, विधायक, सुमित हृदयेश, विधायक, रणजीत सिंह रावत, पूर्व विधायक, प्रकाश जोशी, पूर्व राष्ट्रीय सचिव, विजय सारस्वत प्रदेश महासचिव संगठन, सुमित्तर भुल्लर, प्रदेश अध्यक्ष युवा कांग्रेस, ज्योति रौतेला, प्रदेश अध्यक्ष महिला कांग्रेस, राजेश रस्तोगी, प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस सेवादल, मोहन भण्डारी, प्रदेश अध्यक्ष एनएसयूआई शामिल हैं।

uttarakhand news

अब देखना होगा कि कांग्रेस जहां स्थानीय गहतोड़ी परिवार की महिला और कांग्रेस की नेत्री निर्मला गहतोड़ी को सीएम के सामने चुनाव मैदान में उतारा है वहीं दूसरी ओर आस-पास की दोनों विधानसभा चंपावत क विधायक खुशहाल सिंह अधिकारी और खटीमा के विधायक और विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी को इस स्टार प्रचारकों की सूची में कोई जगह नहीं दी गई है। अब देखना होगा कि कांग्रेस इस सीट को फतह कर पाती है या फिर कितने कम अंतर से हारती या जीतती है।