उत्तराखंड में भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष बदला, महेंद्र भट्ट बने भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष

0
206

देहरादून ब्यूरो- भाजपा ने उत्तराखंड में बड़ा बदलाव किया है। भाजपा ने उत्तराखंड में नये प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान कर दिया है। बीजेपी के केंद्रीय संगठन ने पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इसको लेकर लेटर जारी किया है।

2022 विधानसभा चुनावों के समाप्त होने के बाद से यह अटकलें लग रही थी कि भाजपा अपना प्रदेश अध्यक्ष बदल सकती है। कुछ महीनों तक इसी तरह की कयासबाजी जारी थी। भाजपा ने भी इस कयासबाजी को विराम देते हुए महेंद्र भट्ट को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। मदन कौशिक को प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष पद से हटने के बाद मदन कौशिक को कोई नई जिम्मेदारी नहीं दी है। यह माना जा रहा है कि 2024 के लोकसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा ने यह कदम उठाया है। साथ ही भाजपा ने उत्तराखंड में जातिगत समीकरण को साधने की भी कोशिश की है। महेंद्र भट्ट की संघ के अंदर बड़ी पकड़ मानी जाती है और जब से मदन कौशिक के पद से हटने की चर्चाएं शुरू हुई तब से ही महेंद्र भट्ट का नाम भी सामने आ रहा था। दो दिन पहले की महेंद्र भट्ट ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। जिसके बाद से अटकलें और तेज हो गई थी।

mahendar 1

भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष का सफर

–    1991 से लेकर 1996 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में जिला संयोजक, जिला संगठन मंत्री, विभाग संगठन मंत्री और प्रदेश सह मंत्री की जिम्मेदारी संभाली।

–    1997 में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश सह मंत्री रहे।

–    1998 से 2000 तक भाजपा युवा मोर्चा में प्रदेश महामंत्री का पद संभाला

–    2002 से 2002 तक उत्तराखंड बनने के बाद भाजपा युवा मोर्चा के पहले प्रदेश अध्यक्ष बने।

–    2002 से 2005 तक भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य के साथ हिमाचल और महाराष्ट्र युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी रहे।

–    2002 से 2007 नंदप्रयाग सीट से विधायक रहे साथ ही विधानमंडल में मुख्य सचेतक का दायित्व रहे। तब वे मात्र 32 साल के थे।

–    2007 से 2010 तक भाजपा में प्रदेश मंत्री, गढ़वाल संयोजक और प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रहे।

–    2010 से 2012 तक भाजपा सरकार में राज्य मंत्री रहे। तब वे सिंचाई अनुश्रवण समिति में उपाध्यक्ष थे।

–    2012 से 2014 तक उन्हें फिर से भाजपा ने गढ़वाल प्रभारी बनाया।

–    2014 से 2017 तक भाजपा का प्रदेश मंत्री रहे।

–    2017 से 2022 तक बद्रीनाथ विधानसभा से विधायक रहे।

–    राम जन्मभूमि आंदोलन में 15 दिन जेल में रहे और उत्तराखंड राज्य आंदोलन में 5 दिन जेल में रहे।