दहेज के लिए पत्नी को मारकर शव जलाने वाला आरोपी पति गिरफ्तार

0
223

पिथौरागढ़ (गौरव उपाध्याय)- पिथौरागढ़ में दहेज को लेकर पत्नी की हत्या कर उसके शव को जलाने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला के मायके पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। पुलिस ने 12 घंटे के अंदर आरोपी पति को गिरफ्तार कर इस मामले का खुलाशा किया।

21 जुलाई गुरूवार को सुबह पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित चैसर गाँव के पास एक महिला का अधजला शव मिला था। पुलिस फोर्स द्वारा मौके पर पहुँचकर शव का पंचायतनामा करने के बाद पोस्टमार्टम की कार्यवाही के लिए जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ भेजा गया। महिला की शिनाख्त आनन्दी देवी उम्र 25 वर्ष पत्नी किशन कुमार निवासी छेड़ा पिथौरागढ़ हाल निवासी विण पिथौरागढ़ के रूप में हुई। मृतका की माँ सुनीता देवी पत्नी  नरेन्द्र कुमार निवासी मल्ला रियांसी पो0 वड्डा पिथौरागढ़ द्वारा कोतवाली पिथौरागढ़ में तहरीर दी गई थी। जिसमें शिकायत की गई थी कि उनकी पुत्री मृतका आनन्दी देवी का विवाह पांच वर्ष पूर्व किशन कुमार के साथ हुआ था। उनकी बेटी पिछले तीन माह से उनके साथ मायके में रह रही थी। 20 जुलाई बुधवार को किशन कुमार उनके घर रियांसी आया तथा मृतका आनन्दी देवी और उसकी बेटी आरती को जबरदस्ती अपने साथ ले गया। लगभग ढाई बजे किशन कुमार ने  सुनीता देवी के बेटे को फोन करके बोला कि वह शाम तक आनन्दी को घर भेज देगा परन्तु वह घर नही आयी। उन्होंने बताया कि मृतका आनन्दी का पति किशन कुमार पूर्व में भी कई बार धमकियां दे चुका है। इस तहरीर पर कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 302/304B के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया । पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ लोकेश्वर सिंह द्वारा अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया। मामले की विवेचना कर रहे क्षेत्राधिकारी पिथौरागढ़  महेश चन्द्र जोशी और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ मोहन चन्द्र पाण्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा किशन कुमार को गिरफ्तार किया गया।