राजधानी दून में भिड़े भाजपा-कांग्रेस के नेता, जमकर हंगामा…

0
140

देहरादून (संवाददाता): उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आपसी भिडंत देखी गई। पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक मामले को लेकर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जुटे तमाम भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। वहीं, इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन कर जुमले बाज नेताओं को गद्दी छोड़ने की मांग की। इस दौरान पुलिस को भी बीच-बचाव व दोनों पक्ष के लोगों को शांत करवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

भाजपा ने प्रदेशभर में कई जगह पंजाब सीएम के खिलाफ नारेबाजी और पुतला दहन किए हैं। चुनाव से पहले राजनीतिक एक-दूसरे पर जमकर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। ऐसे में एक दिन पूर्व पीएम मोदी की रैली को प्रदर्शनकारियों के द्वारा रोके जाने को बड़ी चूक बताते हुए भाजपा हमलावर है। दूसरी ओर कांग्रेस ने भी देहरादून कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भाजपा पर वार करते हुए जुमलेबाजो गद्दी छोड़ो के पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया।

सत्तारूढ़़ पार्टी भाजपा के नेताओं ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जमकर हंगामा किया। भाजपा नेत्री नेहा जोशी के नेतृत्व में तमाम कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पंजाब सरकार को बर्खास्त करने के साथ कांग्रेस पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, कुछ देर बाद कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता भी आ गए। इस दौरान दोनों पक्ष को शांत करवाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पंजाब के साथ ही उत्तराखंड में भी चंद दिन बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। कोरोना को दरकिनार कर सभी पार्टी के नेता अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में मशगूल हैं। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ कोविड अनुकूल व्यवहार की बात करना तो दूर की बात है।