DEVBHOOMI NEWS DESK: हाथरस में भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ (Stampede in Hathras) मचने से एक भीषण हादसा हुआ है। इसमें 35 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। वहीं 150 से अधिक भक्त घायल हुए हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही हैं। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। हाथरस जिले के सिकंदराराऊ कस्बे में सत्संग के दौरान करीब पंद्रह हजार लोग मौजूद थे। हादसे के बाद घायलों और मृतकों को बस-टैंपों में जिला अस्पताल ले जाया गया। मौके पर डीएम और एसपी भी पहुंच गए हैं।
Stampede in Hathras: ये था भगदड़ मचने का कारण
प्राथमिक जांच में और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सत्संग खत्म होने के बाद एक साथ सब लोग बाहर की तरफ निकल रहे थे। हॉल छोटा था और दरवाजा भी छोटा था। इस दौरान पहले निकलने के चक्कर में भगदड़ मच गई। जिसके कारण लोग एक दूसरे पर गिर पड़े। इस दौरान लोग एक दूसरे को देख ही नहीं रहे थे। महिलाएं और बच्चे गिरते चले गए। वहीं भीड़ उनके ऊपर से दौड़ने लग गई। हादसे में घायल होने वालों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे।
यूपी के सीएम योगी ने भी घटना पर दुख जताया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के उचित उपचार के भी निर्देश दिए हैं।
देवभूमि उत्तराखंड से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज