यहां कूड़ा बेचकर कमाए गए 7 लाख रुपये

0
150

रुद्रप्रयाग।(संवाददाता- नरेश भट्ट): क्या आपने कभी सोचा है कि जिस जैविक व अजैविक कूड़े को देखकर आप मुंह फेर लेते हैं और यहां-वहां फेंक देते हैं, यही कूड़ा आपकी कमाई का जरिया भी बन सकता है। इसके लिए बस थोड़ी सी मेहनत की जरूरत है। नगर पालिका रुद्रप्रयाग ने कूड़े को बेचकर इस वर्ष 7 लाख की आय अर्जित की है। साथ ही जैविक कूड़े से खाद तैयार की जा रही है, जिसे बेचकर भी पालिका हजारों की कमाई कर रहा है। कुल मिलाकर देखा जाय तो कूड़े से पालिका को अब हर वर्ष लाखों की आय प्राप्त हो रही है, जिस धनराशि को नगर पालिका क्षेत्र के विकास में खर्च किया जा रहा है।

अलकनंदा व मंदाकिनी के संगम पर बसे रुद्रप्रयाग को नगर पालिका बने डेढ़ दशक का समय बीत चुका है। लगभग 15 हजार आबादी वाले नगर पालिका क्षेत्र को सात वार्डों में बांटा गया है। जहां से प्रतिदिन घरों एवं दुकानों से नगर पालिका कूड़ा-कचरा एकत्रित कर रही है। नगर पालिका की ओर से कूड़े को डंप करने के लिए मुख्यालय से पांच किमी दूर रैंतोली में डंपिंग जोन बनाया गया है। जहां जैविक और अजैविक कूड़े की छंटनी की जाती है। अजैविक कूड़े को कॉम्पैक्ट करने के लिए यहां कॉम्पेक्टर मशीन भी लगाई गई है। शहरी क्षेत्रों में कूड़े के ढेर के कारण नगर की सुंदरता भी बदरंग हो जाती है, जिस कारण लोगों को इस कूड़े से मुंह को फेरकर निकलना पड़ता है। अगर इस कूड़े का सही से इस्तेमाल किया जाय तो यह कमाई का जरिया भी बन सकता है। नगर पालिका रुद्रप्रयाग भी कुछ ऐसा ही कार्य कर रही है। पालिका की ओर से इस वर्ष कूड़े को बेचकर सात लाख की आय प्राप्त की गई है। यहां तक की जैविक कूड़े की भी खाद तैयार की जा रही है। इस खाद का प्रयोग लोग अपने खेतों में कर सकते हैं, जिससे उनके साग-सब्जी का उत्पादन भी बेहतर होगा। नगर पालिका की ओर से शहर की जनता से भी यही अपील की जाती है कि वे प्लास्टिक कचरे को जमा करें और नगर पालिका को सौंपे। नगर क्षेत्र के हर वार्डो में महिला स्वच्छता समूह की ओर से कचरा उठाया जा रहा है, जिनके पास इस कचरे को दिया जा सकता और कचरे से पैंसा कमाया जा सकता है। मगर लोगों का ध्यान कभी भी इस कचरे की ओर नहीं गया। पालिका की ओर से जैविक व अजैविक कूड़े को अलग-अलग किया जाता है और अजैविक कूड़े की छटनी करके उसे बेचा जा रहा है, जिससे पालिका लाखों रूपए कमा रही है। इस वर्ष पालिका ने 122 टन कूड़े की बिक्री कर सात लाख की आय अर्जित की है। इसके साथ ही जैविक कूड़े से एक कुंतल खाद भी तैयार की गई है। इस खाद को बेचकर भी हजारों की कमाई हो रही है। पिछले वर्ष पालिका को कूड़े से एक लाख की आय अर्जित हुई थी, जिसके बाद पालिका ने और मेहनत की और इस वर्ष उन्हें भारी मुनाफा हुआ।

नगर पालिका अध्यक्ष गीता झिंक्वाण ने बताया कि नगर क्षेत्र को सुंदर बनाये रखने के लिए पालिका जमीनी स्तर पर कार्य कर रही है। नगर क्षेत्र के वार्डो में महिला स्वच्छता समूह का गठन कर घर-घर से कूड़ा उठाने का कार्य किया जा रहा है। इससे लोगों को जहां सुविधा मिल रही है, वहीं पालिका इस कूड़े को अलग-अलग करने के बाद इसे बेच रही है। इससे पालिका को लाखों की आय भी मिल रही है। उन्होंन कहा कि नगर वासियों के सहयोग पालिका आगे भी बेहतर कार्य करती रहेगी।

नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी सीमा रावत ने बताया कि पालिका ने इस वर्ष कूड़े से सात लाख की आमदनी प्राप्त की है। पिछले वर्ष कूड़े से एक लाख की आय अर्जित हुई थी, मगर इस वर्ष सात लाख प्राप्त किये गये। उन्होंने बताया कि इस धनराशि को बोर्ड फंड में जमा किया जाता है और बोर्ड के जरिये नगर क्षेत्र के विकास पर पैंसा खर्च किया जाता है। जिससे नगर पालिका क्षेत्र में बेहतर विकास कार्य किये जा सकें। साथ ही ये भी बताया कि लोग अपने घरों में अजैविक कूड़े को रखकर आमदनी कमा सकते हैं। इसके लिए उन्हें किसी मेहनत की भी जरूरत नहीं है। नगरवासी घरों में एक माह का अजैविक कूड़ा इकट्टा कर पालिका को दे सकते हैं। पालिका के सफाई कर्मचारी घरों में आकर अजैविक कूड़े को उठाकर ले जायेंगे। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र की जनता के सहयोग से यह सबकुछ संभव हो पायेगा।

https://devbhoominews.com Follow us on Facebook at https://www.facebook.com/devbhoominew…. Don’t forget to subscribe to our channel https://www.youtube.com/devbhoominews